आतंकवाद का वैश्विक केंद्र है पाकिस्तान, संयुक्त राष्ट्र में भारत का जोरदार पलटवार, सिंधु जल संधि पर स्पष्ट किया रुख
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के न्यूयॉर्क स्थित मुख्यालय में ‘शांति के लिए नेतृत्व’ विषय पर खुली बहस में पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर का मुद्दा उठाते हुए उसे विवादित बता दिया। पाकिस्तान की इस बात पर भारत के राजदूत पार्वथनेनी हरीश ने दो टूक शब्दों में कहा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा थे, हिस्सा हैं और हमेशा रहेंगे।
आज पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर का अनुचित जिक्र भारत और उसके लोगों को नुकसान पहुंचाने के उसके जुनूनी इरादे को दर्शाता है। एक अस्थायी सुरक्षा परिषद सदस्य जो संयुक्त राष्ट्र की सभी बैठकों और मंचों पर अपने विभाजनकारी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए इस जुनून को बढ़ावा देता है, उससे अपने निर्धारित दायित्वों और जिम्मेदारियों को पूरा करने की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने आगे कहा कि भारत ने सद्भावना, दोस्ती के विचारों के साथ 65 साल पहले पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि की थी। इन साढ़े छह दशकों में, पाकिस्तान ने भारत पर तीन युद्ध और हजारों आतंकी हमले करके संधि की भावना का उल्लंघन किया है। पिछले चार दशकों में, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमलों में हजारों भारतीयों ने अपनी जान गंवाई है, जिनमें सबसे हालिया हमला अप्रैल 2025 में हुआ पहलगाम आतंकी हमला था, जिसमें पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा धर्म के आधार पर 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या की गई। इसी पृष्ठभूमि में भारत ने अंततः घोषणा की है कि यह संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक कि पाकिस्तान, जो आतंकवाद का वैश्विक केंद्र है, सीमा पार और अन्य सभी प्रकार के आतंकवाद के लिए अपना समर्थन विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से समाप्त नहीं कर देता।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास अपने लोगों की इच्छा का सम्मान करने का एक अनूठा तरीका है, प्रधानमंत्री को जेल में डालकर, सत्ताधारी राजनीतिक दल पर प्रतिबंध लगाकर और अपने सशस्त्र बलों को 27वें संशोधन के माध्यम से संवैधानिक तख्तापलट करने की अनुमति देकर तथा अपने रक्षा बलों के प्रमुख को आजीवन प्रतिरक्षा प्रदान करके। मैं यह बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं, भारत पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों का पूरी ताकत से मुकाबला करते हुए मुंह तोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।
