April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनेंगी अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस

नई दिल्ली। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर की मुश्किल अब बढ़ने वाली है। सुकेश से जुड़े 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस सरकारी गवाह बनने जा रही हैं। जैकलीन ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि वह इस मामले में जांच एजेंसियों का सहयोग करना चाहती हैं।

महाठग सुकेश चंद्रशेखर जैकलीन को अपनी प्रेमिका होने का दावा करता है और जैकलीन पर आरोप है कि ठगी के पैसों से सुकेश ने जैकलीन को करोंड़ों रुपए के कई महंगे तोहफे जैसे ज्वेलरी, बैग्स, कारें, घड़ियां गिफ्ट किए थे। हालांकि जैकलीन का कहना है कि उनको सुकेश के गलत कामों की जानकारी नहीं थी बल्कि उसने खुद को एक बिजनेसमैन बताकर मुझे गुमराह किया था।

सरकारी गवाह बनने के जैकलीन के निवेदन के बाद अदालत ने कहा कि इसके लिए उनको सीधे तौर पर इस केस की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने औपचारिक आवेदन देना होगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जैकलीन के बयान और सहयोग के आधार पर ईडी यह तय करेगी कि उनको इस केस में अप्रूवर बनाया जाए या नहीं। अदालत ने ईडी को नोटिस जारी किया है। केस की अगली सुनवाई अब 20 अप्रैल को होगी। जैकलीन ने अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मांगी थी जो उनको मिल गई है। जैकलीन को 24 अप्रैल से 25 मई के बीच विदेश यात्रा की इजाजत कोर्ट ने दी है हालांकि इस दौरान उनको अदालत के द्वारा तय सभी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा।

सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए एक ठगी और रंगदारी का बड़ा नेटवर्क चलाया था। इस तरह से उसने तमाम लोगों को डरा धमकाकर उनसे लगभग 200 करोड़ रुपए वसूले। आपको बता दें कि सुकेश के खिलाफ 31 मामले दर्ज हुए थे जिसमें से 27 मामलों में उसे जमानत मिल चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *