April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट पर यात्री से मारपीट का आरोप, पत्नी और छोटी बच्चियों संग कर रहे थे यात्रा

नई दिल्ली। पहले भी कई बार यात्रियों और एयरलाइंस स्टाफ के बीच मारपीट की घटनाएं होती रही हैं। ताजा मामले में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के ऑफ ड्यूटी पायलट पर एक यात्री से मारपीट का आरोप लगा है। एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की ये घटना है। पायलट के हमले से यात्री का चेहरा खून से लथपथ हो गया। पीड़ित यात्री का नाम अंकित दीवान है। अंकित अपनी पत्नी के अलावा 7 और 4 साल की बेटी के साथ स्पाइसजेट के विमान से यात्रा करने वाले थे। छोटी बच्ची का स्ट्रॉलर था, जिसकी वजह से एयरपोर्ट स्टाफ ने अंकित को स्पेशल सिक्योरिटी लाइन इस्तेमाल करने की मंजूरी भी दी थी।

अंकित के मुताबिक उस स्पेशल लाइन में कुछ स्टाफ मेंबर भी आगे बढ़ रहे थे। जब उन्होंने इस मामले में टोका, तो एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल नाराज हो गए। अंकित और कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल के बीच बहस हुई। अंकित का आरोप है कि पायलट ने उन्हें पीट दिया। अंकित ने एक्स पर पोस्ट में अपने चेहरे पर खून लगी फोटो शेयर कर लिखा कि उनकी 7 साल की बेटी ये सब देखकर सदमे में है। अंकित का ये भी आरोप है कि उनको एक चिट्ठी लिखने पर मजबूर किया गया। जिसमें उनसे लिखवाया गया कि मामले को आगे नहीं बढ़ाएंगे। अंकित चिट्ठी लिखने पर मजबूर हुए, क्योंकि उनकी फ्लाइट मिस होने पर 1 लाख से ज्यादा की हॉलिडे बुकिंग का नुकसान होता।

अंकित ने दिल्ली पुलिस को टैग कर लिखा कि क्या वो वापस आने के बाद शिकायत दर्ज नहीं करा सकते, क्या सीसीटीवी फुटेज गायब हो जाएगा? अंकित के पोस्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की प्रतिक्रिया आई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई घटना को जानकर बहुत दुख हुआ। जिसमें हमारा कर्मचारी शामिल था। एयरलाइंस ने बताया है कि पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल दूसरी एयरलाइंस से यात्रा कर रहे थे। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताया है कि ऐसे व्यवहार की कड़ी निंदा है और माफी मांगते हैं। साथ ही कैप्टन सेजवाल को ड्यूटी से हटाकर जांच की जा रही है। एयरलाइंस ने कहा है कि वो निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित अफसरों को पूरा सहयोग देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *