February 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कड़ाके की ठंड से कांप रहा उत्तर भारत, मौसम विभाग ने बताया कब तक मिलेगी राहत

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से कांप रहा है। कोढ़ में खाज की तरह तमाम जगह घना कोहरा भी हो रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में ऐसी हालत बनी है। मौसम की वजह से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है। कड़ाके की ठंड लोगों को बीमार भी कर रही है। मौसम विभाग ने अब अनुमान लगाया है कि उत्तर भारत को कड़ाके की ठंड से कब तक राहत मिलेगी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 2026 की शुरुआत तक उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में इसी तरह ठंड और कोहरे का सामना लोगों को करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में अगले दो दिन कोहरा होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में रविवार को न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यानी दिल्ली और एनसीआर में अभी लोगों को काफी ठंड का सामना करना होगा।

मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी में रविवार तक कई जगह शीतलहर का अलर्ट दिया है। बिहार में भी 30 दिसंबर तक कई जगह शीतलहर देखने को मिलेगी। राजस्थान के उत्तरी इलाकों में भी मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट दिया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 दिसंबर और पंजाब, हरियाणा और यूपी में नए साल तक सुबह के वक्त घना कोहरा हो सकता है। जबकि, पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों में अभी घना कोहरा बना हुआ है। बिहार, ओडिशा, असम और मेघालय के अलावा अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में अगले तीन दिन तक काफी कोहरा होने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। कुल मिलाकर दिसंबर 2025 के खत्म होने तक उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर देखने को मिलेगा। फिलहाल कहीं बारिश होने के आसार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *