जयपुर के चौमूं में मस्जिद के बाहर पुलिस पर पथराव के आरोप में 75 हिरासत में, मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद
नई दिल्ली। राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमूं में स्थित कलंदरी मस्जिद के बाहर अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर पथराव के आरोप में 75 लोगों को हिरासत में लिया गया है, इनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। हालात को देखते हुए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्पेशल ऑपरेशन कमिश्नर राहुल प्रकाश, एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार और मनीष अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फिलहाल हालात शांतिपूर्ण हैं, हालांकि तनाव बरकरार है।
जयपुर पश्चिम के डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा ने पूरे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया, कि कलंदरी मस्जिद के बाहर अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। सड़क किनारे पत्थर पड़े थे, जिसकी वजह से आए दिन ट्रैफिक जाम लगता था। हाल ही में एक पक्ष ने इन पत्थरों को हटा दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने वहां लोहे के एंगल गाड़कर तार लगा दिए और स्थाई अतिक्रमण का प्रयास किया जिससे दोनों पक्षों में तनाव शुरू हो गया। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तभी कुछ अराजकतत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। यह घटना देर रात की है।
पथराव की इस घटना में 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया उनकी पहचान की जा रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। आज 26 दिसंबर की सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर की सुबह 7 बजे तक के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने का फैसला किया गया।
