सिर से पैर तक बुर्का, होठों पर लिपस्टिक मगर फिर भी बच न सका रेप का आरोपी, पुलिस ने धर दबोचा
नई दिल्ली। राजस्थान के धौलपुर में पिछले दिनों एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने यूपी के वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजेंद्र सिसोदिया राजस्थान सशस्त्र पुलिस बल से बर्खास्त हो चुका है। उसने एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और उसका रेप कर दिया। 15 दिसंबर को धौलपुर पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज हुआ उसके बाद से आरोपी राजेंद्र सिसोदिया फरार चल रहा था।
पुलिस ने बचने के लिए दुष्कर्म का आरोपी राजेंद्र सिसोदिया राजस्थान से भागकर वृंदावन आ गया। यहां वह अपनी पहचान छिपाने के लिए मुस्लिम महिला बनकर रह रहा था। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो उसने सिर से पैर तक बुर्का पहन रखा था और होठों पर लिपस्टिक लगा रखी थी। इतना सब तिकड़म करने के बावजूद आरोपी पुलिस से बच नहीं सका और आखिरकार उसे पकड़ने में पुलिस को सफलता मिल ही गई। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र सिसोदिया 0 पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। राजस्थान पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर आरोपी की तलाश में दबिश दी गई थी।
आरोपी राजेंद्र सिसोदिया पर पहले भी पॉक्सो एक्ट, अपहरण और मारपीट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और इसी के चलते उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के धौलपुर स्थित मकान के बाहरी हिस्से पर किए गए अवैध निर्माण को इससे पहले बुलडोजर के जरिए ढहा दिया गया था। राजस्थान पुलिस आरोपी को वृंदावन से लेकर धौलपुर पहुंच चुकी है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। अब उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगी और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
