बिना आम सहमति बीसीसीआई ने मुस्तफिजुर रहमान को हटाया!, नए दावे से घमासान बढ़ने के आसार
नई दिल्ली। बीते दिनों भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देबोजित सैकिया ने मीडिया को बताया था कि विरोध बढ़ते देख शाहरुख खान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा गया है। अब द इंडियन एक्सप्रेस अखबार ने खबर में दावा किया है कि ऊपर से सीधा फरमान आया कि केकेआर से कहा जाए कि वो बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दें। जिसका केकेआर ने पालन भी किया। अब अखबार के दावे से इस मामले में घमासान बढ़ सकता है।
अखबार के मुताबिक मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर से हटाने का फैसला बीसीसीआई में सबसे ऊंचे स्तर पर लिया गया था। अखबार से बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अफसर ने कहा कि उनको खुद इस बारे में मीडिया से ही पता चला। मुस्तफिजुर रहमान को हटाने पर बीसीसीआई में न कोई चर्चा हुई और न किसी से सुझाव ही लिया गया। इस दावे के सामने आने के बाद बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम केकेआर से बाहर किए जाने पर उठा विवाद और बढ़ सकता है। द इंडियन एक्सप्रेस ने ताजा खुलासे पर जब देबोजित सैकिया से सवाल पूछा कि क्या बीसीसीआई की बैठक बुलाई गई थी या मुस्तफिजुर रहमान को हटाने के बारे में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को जानकारी दी गई, तो सैकिया ने कोई जवाब नहीं दिया।
मुस्तफिजुर रहमान को शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर से हटाने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच तनातनी और बढ़ गई है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने आईपीएल के मैच अपने यहां प्रसारित करने पर रोक लगा दी है। वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा खतरे में होने का हवाला देकर टी20 वर्ल्ड कप के चार मैच भारत से बाहर श्रीलंका में कराने की मांग आईसीसी से की है। टी20 वर्ल्ड कप फरवरी से शुरू हो रहा है। जिसके मैच भारत और श्रीलंका में होने हैं। अपने मैच के वेन्यू बदलने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मांग पर अब आईसीसी को फैसला करना है।
