February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लात मारकर बाहर कर देंगे…राज ठाकरे ने हिंदी को लेकर यूपी और बिहार वालों के लिए फिर दिया भड़काऊ बयान

नई दिल्ली। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने बीएमसी चुनाव से पहले हिंदी भाषा का जिक्र करते हुए एक बार फिर यूपी और बिहार के लोगों के लिए भड़काऊ बयान दिया है। राज ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यूपी और बिहार से आए लोगों ने अगर जबरन हम पर हिंदी थोपने की कोशिश की वो उन लोगों को लात मारकर बाहर कर देंगे। राज ठाकरे ने कहा कि मुझे हिंदी भाषा से नफरत नहीं है लेकिन यूपी और बिहार के लोगों को यह समझना चाहिए कि हिंदी महाराष्ट्र की भाषा नहीं है।

राज ठाकरे ने यह बातें बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) चुनाव के संबंध में मुंबई के शिवतीर्थ मैदान में रविवार को आयोजित जनसभा के दौरान कहीं। इस दौरान शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे भी मंच पर मौजूद थे। एमएनएस प्रमुख ने कहा कि बीएमसी चुनाव मराठी अस्मिता की अंतिम लड़ाई है। उन्होंने मराठी भाषी लोगों से एकजुट होने की अपील की। राज ठाकरे बोले, यह मराठी मानुष का आखिरी चुनाव है और अगर अब भी एकजुटता नहीं दिखाई, तो भविष्य में हालात और बिगड़ सकते हैं। जमीन और भाषा दोनों चली जाएंगी, मराठी समाज का सफाया हो जाएगा।

राज ठाकरे ने मुंबई के इतिहास की चर्चा करते हुए कहा कि यह शहर कई बलिदानों के बाद हासिल हुआ है और कुछ लोगों को अब भी इस बात से समस्या है कि मुंबई गुजरात की जगह महाराष्ट्र में आया। वहीं इस रैली में शिवसेना यूबीटी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि बालासाहेब ने हमें सिखाया था कि तुम पर हाथ उठाने वाले का हाथ तोड़ दो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ठाकरे परिवार के अस्तित्व का पता लगाने वाले लोग अभी पैदा ही नहीं हुए हैं। आपको बता दें कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने बीएमसी चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है और इसी के तहत शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस पार्टियों के बीच गठबंधन हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed