दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे पहुंचा, मौसम विभाग ने इन राज्यों में भीषण शीतलहर का अलर्ट किया जारी
नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली में इस सीजन का आज सबसे ठंडा दिन है। दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के आसपास के राज्यों पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम दर्ज हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन तक आठ राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा छाने की बात भी कही है।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। राजस्थान के बाड़मेर में न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे दर्ज हुआ। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री रहा। वहीं, हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले शनिवार तक भीषण शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। यानी इन सभी जगह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना होगा। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में लोगों को कांपने पर मजबूर कर रही हैं।
मौसम विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि इस साल कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। साल 2024 में भी कई दिन कड़ाके की ठंड का सामना उत्तर भारत के लोगों को करना पड़ा था। इसकी वजह ला नीना का प्रभाव है। ला नीना में समुद्र की सतह का तापमान जमीन से ज्यादा हो जाता है। ला नीना प्रभाव के कारण ही बारिश भी ज्यादा होती है। 2024 में इसी प्रभाव के कारण भारत में औसत से ज्यादा बारिश हुई थी। बारिश ज्यादा होने के कारण ठंड भी काफी पड़ती है। ऐसे में आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड से सतर्क रहिए। माना जा रहा है कि जनवरी के अंत से ठंड में कमी आनी शुरू होगी। फिर भी मार्च के पहले हफ्ते तक ठीक-ठाक ठंड रहेगी।
