February 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रितु तावड़े होंगी मुंबई में बीजेपी की पहली मेयर, जानिए किसे मिल रहा डिप्टी मेयर का पद?

नई दिल्ली। मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में पहली बार बनने जा रहे बीजेपी के मेयर के नाम का ऐलान हो गया है। बीजेपी की सीनियर कॉर्पोरेटर रितु तावड़े बीएमसी की अगली मेयर होंगी। मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष अमित साटम ने मेयर के लिए रितु तावड़े के नाम की घोषणा की। रितु तावड़े के पास पार्टी और संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है। रितु को मेयर पद के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा था। रितु इससे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं।

रितु तावड़े साल 2012 कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं। 2012 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 127 से पहली बार पार्षद चुनी गई थीं। इसके बाद 2017 में वार्ड नंबर 121 से निर्वाचित हुईं थीं और अभी फिलहाल वो वार्ड नंबर 132 से जीती हैं। रितु तावड़े खुद मराठा समुदाय से आती हैं इसके बावजूद गुजराती बहुल वार्ड में उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। वहीं बीएमसी के डिप्टी मेयर का पद शिवसेना शिंदे गुट के खाते में गया है। शिवसेना ने संजय शंकर घाड़ी को उपमहापौर पद का उम्मीदवार बनाया है। संजय शंकर घाड़ी दहिसर में वार्ड नंबर 5 के कॉर्पोरेटर हैं। संगठन में काम करने का उनके पास लंबा अनुभव है और नगर की राजनीति को वो भलीभांति समझते हैं।

संजय घाड़ी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे के पुराने साथी और करीबी दोस्त रहे हैं। भारतीय विद्यार्थी सेना के समय से ही संजय राज ठाकरे के साथ थे। राज ठाकरे ने जब साल 2007 में एमएनएस की स्थापना की थी, तब भी संजय एमएनएस में ही थे। एमएनएस की टिकट पर उन्होंने ​​चुनाव भी लड़ा था हालांकि बाद में वो उद्धव ठाकरे की शिवसेना में शामिल हो गए थे और वहां से कॉर्पोरेटर बने। इसके बाद वो एकनाथ शिंदे गुट के साथ आ गए। बता दें कि बीएससी चुनाव में बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। महायुति की सहयोगी पार्टी शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed