April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आईसीसी का प्रतिनिधिमंडल जाएगा बांग्लादेश, टी20 वर्ल्डकप को लेकर उपजे विवाद का हल निकालने का प्रयास

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्डकप 2026 में बांग्लादेश का भारत में खेलने से इनकार करने को लेकर उपजे विवाद के बीच अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अगले दो से तीन दिन में बांग्लादेश का दौरा करने वाला है। आईसीसी के अधिकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ आमने सामने बैठकर बातचीत के जरिए इस विवाद को हल करने का प्रयास करेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को पत्र लिखकर मांग की है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के उसके जो मैच भारत में होने हैं उनका वेन्यू बदला जाए।

7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप शुरू हो रहा है और बांग्लादेश के सभी लीग मैच भारत में होने हैं। ऐसे में आईसीसी यह चाहता है कि टूर्नामेंट को लेकर किसी प्रकार का कोई विवाद न हो और यही कारण है कि उसका एक प्रतिनिधिमंडल खुद बांग्लादेश जा रहा है। दरअसल यह पूरा विवाद बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से हटाए जाने के बाद शुरू हुआ। आपको बता दें कि आईपीएल के मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।

उधर, बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं और उनके खिलाफ बढ़ती हिंसा के विरोध में भारत में हिंदू संगठनों ने केकेआर के द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम में शामिल किए जाने का विरोध किया गया। यहां तक कि टीम के ओनर शाहरुख खान तक को द्रेशद्रोही कहा गया। इस विवाद को बढ़ता देख बीसीसीआई ने केकेआर टीम को आदेश दिया कि वो मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटाए। जिस कारण केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को निकालना पड़ा। इसके बाद बीसीबी ने टी20 वर्ल्डकप के अपने मैच भारत में खेलने से मना कर दिया। इतना ही नहीं बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर भी रोक लगा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *