कर्नाटक सरकार ने डीजी रामचंद्र राव को किया सस्पेंड, अफसर ने अश्लील वीडियो को मॉर्फ्ड और झूठा बताया
बेंगलुरु। कर्नाटक सरकार ने डीजीपी रैंक के अफसर के. रामचंद्र राव को सस्पेंड कर दिया है। रामचंद्र राव का अपने दफ्तर में कथित आपत्तिजनक हरकत वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। रामचंद्र राव अपनी बेटी रान्या राव सोना तस्करी मामले में गिरफ्तार होने के बाद भी चर्चा में आए थे। वहीं, रामचंद्र राव ने अश्लील हरकत वाले वीडियो को झूठा और मॉर्फ्ड बताया है।
सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियो में रामचंद्र राव को कथित तौर पर अपने दफ्तर में वर्दी पहनी हालत में अलग-अलग महिलाओं से गलत हरकत करते दिखाया गया है। इस वीडियो में अलग-अलग मौके पर अलग-अलग महिलाएं दिख रही हैं। डीजीपी रैंक के अफसर के. रामचंद्र राव पर हालांकि अब तक किसी महिला ने जबरदस्ती अश्लील हरकत करने का कोई आरोप नहीं लगाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इस बारे में कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया तक जानकारी पहुंची। फिर सिद्धारामैया ने पुलिस विभाग से जानकारी मांगी। सूत्रों ने मीडिया को बताया कि कर्नाटक के सीएम सिद्धारामैया इस वीडियो को देखने के बाद बहुत नाराज हुए।
सीएम सिद्धारामैया की नाराजगी के बाद कर्नाटक के गृह विभाग ने डीजी के. रामचंद्र राव को सस्पेंड करने का फैसला कर जांच बिठाई है। वहीं, इंडिया टुडे से रामचंद्र राव ने कहा कि उनको जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। रामचंद्र राव ने कहा है कि वो आठ साल पहले बेलगावी में थे। उस वक्त का ये वीडियो बताया जा रहा है। रामचंद्र राव ने कहा कि उन्होंने वकील से बात की है और कार्रवाई करेंगे। कर्नाटक के वरिष्ठ पुलिस अफसरों में शामिल राव ने कहा कि ये वीडियो खुद उनके लिए चौंकाने वाला है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है। खबर है कि रामचंद्र राव ने वीडियो सामने आने के बाद कर्नाटक के गृहमंत्री से भी मुलाकात की।
