उत्तराखंड के गंगोत्री धाम और मुखबा में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक, केदारनाथ और बदरीनाथ में भी ये नियम हो सकता है लागू
देहरादून। उत्तराखंड से बड़ी खबर है। उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। श्री गंगोत्री मंदिर समिति की रविवार को हुई बैठक में एकराय से ये फैसला लिया गया। गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक सिर्फ गंगोत्री धाम ही नहीं, बल्कि मां गंगा के शीतकालीन निवास स्थल मुखबा में भी लागू होगी। श्री गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने गैर हिंदुओं का प्रवेश रोके जाने से संबंधित फैसले की जानकारी दी।
वहीं, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया है कि दोनों धामों और समिति के तहत आने वाले सभी मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव अगली बैठक में पेश किया जाएगा। इससे पहले हरिद्वार के गंगा घाटों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश को रोकने का फैसला किया गया था। उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ चार धाम हैं। हिंदू समुदाय इन चारों धामों को बहुत मानते हैं। हर साल गर्मी में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन करने लाखों हिंदू पहुंचते हैं। अब तक चार धामों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया था।
गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ मंदिरों से संबंधित समितियां बनी हुई हैं। इन समितियों के पास इन चार धामों के अलावा उत्तराखंड के तमाम और मंदिर हैं। चार धाम और इन मंदिरों के बारे में समितियां ही फैसला करती हैं। इससे पहले बीते दिनों उत्तराखंड सरकार ने फैसला किया था कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में कोई भी व्लॉगर वीडियो रील नहीं बना सकेगा। इन जगहों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के मोबाइल रखवा लिए जाएंगे। बता दें कि इन जगहों पर रील बनाने के मसले पर लगातार विवाद होता रहा है। ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने अब चार धाम में ऐसी किसी भी गतिविधि के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।
