भारत-ईयू के बीच एफटीए का पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ऐलान, कहा-दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तालमेल का शानदार उदाहरण
नई दिल्ली। भारत और यूरोपीय यूनियन (ईयू) के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर साइन हो गए हैं। इंडिया एनर्जी वीक 2026 के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक समझौते का ऐलान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यूरोपियन यूनियन और भारत के बीच कल ही एक बड़ा समझौता हुआ। दुनिया में लोग इसकी चर्चा ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ के रूप में कर रहे हैं। यह समझौता भारत के 140 करोड़ लोगों और यूरोपीय देशों के करोड़ों लोगों के लिए बहुत बड़े अवसर लेकर आया है। यह दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तालमेल का एक शानदार उदाहरण बना है।
मोदी ने कहा, यह समझौता ग्लोबल जीडीपी का करीब 25 प्रतिशत और ग्लोबल ट्रेड के करीब एक तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। यह समझौता ट्रेड के साथ-साथ डेमोक्रेसी और रूल ऑफ लॉ के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को भी सशक्त करता है। एनर्जी वीक के इस नए एडिशन में गोवा में दुनिया के करीब 125 देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आप सभी एक एनर्जी सिक्योर और टिकाऊ भविष्य पर चर्चा करने के लिए भारत आए हैं। मैं आप सभी का स्वागत और अभिनंदन करता हूं। इंडिया एनर्जी वीक बहुत ही कम समय में डायलॉग और एक्शन का एक ग्लोबल प्लेटफॉर्म बन कर उभरा है।
पीएम ने कहा, आज एनर्जी सेक्टर के लिए भारत बड़े अवसरों की धरती है। भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। भारत में एनर्जी प्रोडक्ट्स की डिमांड लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा भारत दुनिया की डिमांड की पूर्ति के लिए भी बेहतरीन अवसर उपलब्ध कराता है। आज हम, दुनिया में पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के टॉप 5 निर्यातकों में से एक हैं। दुनिया के 150 से भी ज्यादा देशों तक हमारी एक्सपोर्ट कवरेज है। भारत की ये क्षमताएं आपके बहुत काम आने वाली हैं इसलिए, एनर्जी वीक का यह प्लेटफॉर्म हमारी पार्टनरशिप को एक्सप्लोर करने का बहुत ही उत्तम स्थान है।
