महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन, बारामती में जनसभाएं करने जा रहे थे
मुंबई। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी के अध्यक्ष अजित पवार का विमान महाराष्ट्र के बारामती में क्रैश हो गया। विमान क्रैश की घटना में अजित पवार समेत पांच लोगों के निधन की खबर है। बताया जा रहा है कि अजित पवार का विमान बारामती में लैंड करते वक्त क्रैश हुआ। अजित पवार का गृह जिला बारामती है। वो यहीं से विधायक चुने जाते रहे हैं। खबरों के मुताबिक विमान के क्रैश होने से अजित पवार गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनके साथ विमान में चार और लोग भी सवार थे। सभी को रेस्क्यू कर बारामती के अस्पताल ले जाया गया था। अजित पवार के परिवार में पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे हैं।
जानकारी के मुताबिक अजित पवार और अन्य लोगों को लेकर विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी। अजित पवार का विमान बारामती में लैंड करने वाला था। उसी वक्त पायलट ने विमान से कंट्रोल खो दिया और जमीन पर आ गिरा। अजित पवार के विमान में आग भी लगी और वो बुरी तरह टूट गया। इस वजह से विमान में सवार अजित पवार और उनके साथियों को गंभीर चोटें लगीं। विमान क्रैश होने की खबर मिलते ही मौके पर रेस्क्यू टीम और पुलिस पहुंच गई। बारामती एयरपोर्ट पर छोटे विमान लैंड करते हैं। अजित पवार के साथ प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले लोगों के नाम की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक बारामती जिला परिषद चुनाव के लिए चार जनसभाओं को अजित पवार को संबोधित करना था। अजित पवार महाराष्ट्र के कद्दावर नेता शरद पवार के भतीजे हैं। अजित पवार ने शरद पवार से बगावत की थी। जिसके बाद उनके साथ एनसीपी के तमाम नेता और विधायक आ गए। इसके बाद चुनाव आयोग ने जांच की और अजित पवार को ही असली एनसीपी का अध्यक्ष मानते हुए घड़ी चुनाव चिन्ह भी दे दिया। शरद पवार से बगावत करने के बाद अजित पवार ने साथी विधायकों के साथ बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना का साथ दिया और महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार में वो भी शिंदे के साथ डिप्टी सीएम बने। अजित पवार और शरद पवार के बीच एनसीपी पर कब्जे के मामले में सुप्रीम कोर्ट में कानूनी लड़ाई भी चल रही है। हालांकि, महाराष्ट्र की पिंपरी चिंचवाड़ नगर निगम चुनाव के लिए हाल ही में अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार के साथ हाथ मिलाया था। खबर ये आ रही थी कि जल्दी ही शरद पवार और अजित पवार फिर एकजुट होंगे।
