अजित पवार के असामयिक निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी समेत अन्य नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने कहा, अजित पवार जननेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले एक कर्मठ व्यक्ति के रूप में उनका व्यापक सम्मान था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों एवं वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जज्बा भी सराहनीय था। उनका असामयिक निधन अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाला है। पीएम ने शोक पवार परिवार और उनके अनगिनत प्रशंसकों समेत उन सभी परिवारों के प्रति संवेदना जताई है जिन्होंने अपने प्रियजनों को इस विमान हादसे में खोया है। बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की जान गई जिसमें दो पायलट भी थे।
वहीं केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनडीए के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। अजित पवार जी ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वे जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका निधन एनडीए परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अजित पवार के असामयिक निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा और पीड़ा हुई है। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वे महाराष्ट्र के विकास और समृद्धि के प्रति समर्पित रहे। वो जनहित में अपनी करुणा और सार्वजनिक सेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए जाने जाते थे। मैं उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।
