बजट सत्र अभिभाषण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विकसित भारत, वीबी-जी राम जी बिल का किया उल्लेख
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र की आज से शुरुआत हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए अपना अभिभाषण दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि बीते 10-11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में अपनी नींव मजबूत की है। ये वर्ष 2047 के विकसित भारत की तेज यात्रा का बहुत बड़ा आधार है। उन्होंने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख किया। इसके अलावा राष्ट्रपति ने वीबी-जी राम जी बिल का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए यह कानून लाया जा रहा है। इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों से मुक्त व्यवस्था का निर्माण करने में सफल हो रही है। इससे करदाताओं की एक-एक पाई देश के विकास और जनकल्याण में खर्च हो रही है। भारत आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। जल, थल, नभ हर क्षेत्र में भारत की तेज गति आज विश्व में चर्चा का विषय है। सरकार दलितों, पिछड़ों, वंचितों, जनजातीय समाज और सभी वर्गों के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ का विजन देश के नागरिकों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव ला रहा है।
मुर्मू ने कहा, लगभग पूरी ग्रामीण आबादी अब सड़क से जुड़ चुकी है। गरीब तथा मध्यमवर्ग की सेवा में लगी भारतीय रेल तेजी से शत प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन के अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। मिजोरम के आइजोल और नई दिल्ली को डायरेक्ट रेल से जोड़ा गया है। आज सरकार पूर्वोत्तर के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के समुद्री क्षेत्र में प्रगति की नई संभावनाएं बन रही हैं। पूर्वोत्तर का क्षेत्र आज विकास की नई धारा से जुड़ रहा है। वह दिन दूर नहीं है जब असम में बनी सेमीकंडक्टर चिप दुनियाभर के इलेक्ट्रिक उत्पादों की लाइफलाइन बनेगी।
