February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हम रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार’, पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए देश की तरक्की पर किया फोकस

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की पहचान रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म से हुई है। पीएम मोदी ने कहा कि अब हम रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार हो गए हैं। उन्होंने रिफॉर्म एक्सप्रेस को तेज करने में सकारात्मक ऊर्जा देने वाले साथियों का आभार जताया। साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि इन साथियों की वजह से रिफॉर्म एक्सप्रेस गति पकड़ रही है। पीएम मोदी ने ये कहकर विपक्ष पर परोक्ष तौर पर कटाक्ष किया कि देश लंबे वक्त से लंबित समस्याओं के मजबूत समाधान की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का एक-चौथाई हिस्सा बीत चुका है। अगले चौथाई हिस्से की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए 25 साल का महत्वपूर्ण दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सदी के इस दूसरे चौथाई हिस्से का पहला बजट पेश करने वाली हैं। पीएम मोदी ने कहा कि निर्मला सीतारमण देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं, जो लगातार 9वीं बार बजट पेश करेंगी। उन्होंने इसे देश के संसदीय इतिहास का गौरवशाली पल भी कहा।

संसद का बजट सत्र बुधवार 28 जनवरी से शुरू हुआ था। बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया था। राष्ट्रपति ने नरेंद्र मोदी सरकार की तमाम उपलब्धियां गिनाई थीं। आज पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस तरह रिफॉर्म और समस्याओं के समाधान की बात कही, उससे संकेत मिल रहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश की अर्थव्यवस्था को और गति देने के लिए अहम एलान करने वाली हैं। मोदी सरकार ने इससे पहले आम आदमी को बड़ी राहत देते हुए जीएसटी की दरों को घटाया है और इनकम टैक्स की सीमा 12 लाख रुपए की है। चर्चा इसकी है कि बजट में वित्त मंत्री पति-पत्नी के सामूहिक इनकम योजना का एलान कर सकती हैं। हालांकि, 1 फरवरी को बजट आने पर ही पता चलेगा कि ये चर्चा हकीकत बनती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *