‘आसिम मुनीर की सेना को बलूचिस्तान पर नियंत्रण रखने में हो रही मुश्किल’, पाकिस्तान संसद में रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दिखाई बेबसी
इस्लामाबाद। बलूचिस्तान में विद्रोह ने पाकिस्तान सरकार और आसिम मुनीर की सेना की नाक में दम कर रखा है। हालात ये हैं कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को अपने देश की संसद में बेबस देखा गया। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री आसिफ ने संसद में कहा कि पाकिस्तान के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल का 40 फीसदी बलूचिस्तान है। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि इतने बड़े इलाके पर प्रभावी नियंत्रण रखना पाकिस्तान की सेना के लिए नामुमकिन जैसा हो गया है। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान सेना के जवाब बलूचिस्तान में तैनात तो हैं, लेकिन इतने बड़े इलाके की रखवाली करने में शारीरिक तौर पर अक्षम हैं।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि बलूचिस्तान बंजर और पहाड़ी इलाके वाला है। इसे संभालना पाकिस्तान की सेना के बस से बाहर हो गया है। उन्होंने कहा कि बलूच विद्रोहियों के पास पाकिस्तान की सेना के मुकाबले ज्यादा आधुनिक और महंगे हथियार हैं। ख्वाजा आसिफ ने पाकिस्तान की संसद में कहा कि हर बलूच विद्रोही के पास 20 लाख कीमत की रायफल, चार से पांच हजार डॉलर कीमत के थर्मल और लेजर सिस्टम हैं। इसके अलावा बलूच विद्रोहियों के पास करीब 17 लाख रुपए के अन्य हथियार और सामान होने की बात भी ख्वाजा आसिफ ने कही। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि इन वजहों से बलूचिस्तान के विद्रोही सेना पर भारी पड़ रहे हैं। ख्वाजा आसिफ ने चिंता जताई कि बलूचिस्तान के हालात से पाकिस्तान के टूटने का खतरा बढ़ गया है।
बलूच विद्रोहियों ने बीते दिनों ऑपरेशन हेरोफ चलाया था। इस ऑपरेशन में विद्रोहियों ने बलूचिस्तान में कई जगह पाकिस्तान की सेना और पुलिस को निशाना बनाया। बलूच लिबरेशन आर्मी यानी बीएलए ने दावा किया है कि उसने ऑपरेशन हेरोफ में पाकिस्तान की सेना को बड़ा नुकसान पहुंचाया और 200 से जवानों को मार दिया। बलूच विद्रोहियों ने 17 पाकिस्तानी सैनिकों को गिरफ्तार करने का दावा भी किया है। वहीं, बलूचिस्तान सरकार का दावा है कि पाकिस्तानी सेना और पुलिस ने 145 विद्रोहियों को मार गिराया। खास बात ये है कि इस बार बलूच विद्रोहियों के ऑपरेशन में महिला फिदायीन भी शामिल थीं।
