गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों ने बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या की, पढ़ाई छोड़ कोरियाई गेमिंग करती रहती थीं
गाजियाबाद। दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में दिल दहलाने वाली घटना हुई है। यहां के साहिबाबाद इलाके के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात तीन नाबालिग बहनों ने बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली। तीनों बहनें भारत सिटी सोसायटी में रहती थीं। गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों बहनें कोरियाई गेम खेलती थीं। घरवाले उनको ये गेम खेलने से मना करते थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से तीनों ने बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक भारत सिटी सोसायटी में चेतन अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते थे। उनकी बेटियों के नाम निशिका, प्राची और पाखी हैं। बेटा इनसे छोटा औऱ मानसिक तौर पर बीमार है। पुलिस के मुताबिक निशिका की उम्र 16 साल, प्राची की 14 और पाखी की 12 साल थी। गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि कोरोना के बाद से ही तीनों बहनों ने पढ़ाई छोड़ दी थी। परिजनों के मुताबिक तीनों बहनें मोबाइल में हमेशा कोरियाई गेम खेलती थीं। घरवाले ऐसा न करने की बात उनसे कहते थे। इन लड़कियों के पिता ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं। परिवार दिल्ली से तीन साल पहले आकर गाजियाबाद में रहने लगा था। सुनिए लड़कियों के पिता ने क्या बताया।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात परिवार के दूसरे सदस्य जब सो रहे थे, तभी तीनों बहनों ने एक साथ भारत सिटी सोसायटी की नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी। इतनी ऊंचाई से जमीन पर गिरने की वजह से उनकी मौत हो गई। गाजियाबाद पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन हासिल किए हैं। इनकी जांच की जा रही है। कुछ हाथ से लिखे कागज भी मिले हैं। इनकी भी जांच पुलिस कर रही है। गाजियाबाद में हुई घटना ये बताती है कि किस तरह बच्चों में ऑनलाइन गेमिंग की लत लग रही है। जिससे रोके जाने की कोशिश पर वे जान तक देने पर आमादा हो जाते हैं। इससे पहले कई खबरें आ चुकी हैं, जब बच्चों ने ऑनलाइन गेमिंग की वजह से परिवार के लाखों रुपए गंवा दिए। मोदी सरकार ने कानून बनाकर ऐसी गेमिंग पर रोक भी लगाई है।
