April 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल के लिए फिर मुश्किलों का दौर शुरू हो सकता है, ईडी देने वाली है दिल्ली के पूर्व सीएम को मिली जमानत को चुनौती

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के लिए फिर मुश्किलों का दौर शुरू हो सकता है। समन की अनदेखी मामले में ईडी ने अरविंद केजरीवाल को घेरने की कवायद शुरू कर दी है। ईडी की तरफ से दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार को अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने बताया कि शराब घोटाला में अरविंद केजरीवाल को ट्रायल कोर्ट से दो मामलों में मिली जमानत को वो चुनौती देने वाली है। अगर अरविंद केजरीवाल की जमानत रद्द हुई, तो उनको फिर जेल जाना पड़ सकता है।

राउज एवेन्यू स्थित ट्रायल कोर्ट ने 22 जनवरी को दो मामलों में बरी कर दिया था। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ये दोनों मामले ईडी के समन के बावजूद पेश न होने के थे। दिल्ली हाईकोर्ट में अरविंद केजरीवाल ने ईडी की ओर से समन भेजे जाने को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल की थी। इस याचिका को भी केजरीवाल ने वापस ले लिया। अरविंद केजरीवाल के वकील ने कहा कि वो इस मामले को नहीं बढ़ाना चाहते। क्योंकि कोर्ट ने उनके मुवक्किल को समन की अनदेखी मामले में बरी कर दिया है। अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में केस चल रहा है। उनके अलावा डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया समेत कई अन्य भी इस मामले में आरोपी हैं।

दिल्ली का सीएम रहते अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाला मामले में कई बार समन भेजा था। केजरीवाल समन पर पेश नहीं हुए थे। उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में अपील की थी। वहां से अपील खारिज होने के बाद ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। अरविंद केजरीवाल 177 दिन बाद सुप्रीम कोर्ट की ओर से जमानत मिलने पर तिहाड़ जेल से बाहर आए थे। जेल में रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा नहीं दिया था। उन्होंने एलान किया था कि जेल से ही सरकार चलाएंगे। बाद में अरविंद केजरीवाल ने पद छोड़ा और आतिशी को दिल्ली का सीएम बनाया था। अब समन की अनदेखी के मामले में अरविंद केजरीवाल फिर घिरते दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *