सपा प्रवक्ता मनोज यादव गिरफ्तार, पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, जानिए पुलिस ने क्यों लिया एक्शन?
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता मनोज यादव को बाराबंकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाराबंकी के सफदरगंज थाने में उनके खिलाफ धमकी देने और जाति सूचक शब्द बोलने के आरोप में 11 फरवरी को एफआईआर दर्ज हुई थी, इसी मामले में पुलिस ने उन पर एक्शन लिया है। इससे पहले मनोज यादव की पत्नी ने लखनऊ के गोमती नगर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दरअसल, मनोज यादव कल शाम एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे मगर देर रात तक वो घर नहीं पहुंचे, उनका फोन भी नहीं लग रहा था इसके बाद उनकी पत्नी ने पुलिस के पास पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया था।
मनोज यादव की गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस ने बाराबंकी के बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर उनका अनिवार्य मेडिकल परीक्षण कराया फिलहाल उनको कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है। मनोज यादव मूल रूप से बाराबंकी के ग्राम भगोलापुरवा के निवासी हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट में इस भी दावा किया जा रहा है कि मनोज यादव को एसटीएफ के पकड़ा और उसके बाद बाराबंकी पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया।
इससे पहले समाजवादी पार्टी ने मनोज यादव की पत्नी के द्वारा गोमती नगर थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा था कि समाजवादी पार्टी के टीवी पैनलिस्ट मनोज यादव कल रात से लापता हैं। यह अत्यंत चिंताजनक और गंभीर विषय है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन तेज करे। उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो। वहीं सपा प्रवक्ता की गिरफ्तारी की खबर से प्रदेश के सियासी गलियारे में हड़कंप मच गया है। समाजवादी पार्टी ने नेता मनोज यादव की तत्काल रिहाई की मांग रहे हैं। सपा नेताओं ने यूपी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस सरकार के इशारे पर काम कर रही है।
