February 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

प्रियंका गांधी के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे मोदी सरकार में मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, जानिए किस साजिश का जताया शक

नई दिल्ली। मोदी सरकार में राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा है कि वो कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के खिलाफ केस दर्ज कराएंगे। रवनीत सिंह बिट्टू ने अखबार द ट्रिब्यून को दिए इंटरव्यू में पांच साल पहले का वाकया बताते हुए ये बात कही। रवनीत सिंह बिट्टू और विधायक कुलबीर सिंह जीरा आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने गए थे। जहां उन पर प्रदर्शनकारी भड़क गए थे। रवनीत बिट्टू ने अखबार से कहा कि प्रियंका गांधी ने वहां भेजा था और उस वक्त उनकी मंशा पर शक नहीं था। बिट्टू ने कहा कि प्रियंका गांधी अच्छी तरह जानती थीं कि किसान मेरे प्रति कितना आक्रोशित थे।

रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि उस दिन लिंचिंग हो सकती थी। अब जांच कराना चाहता हूं कि मुझे आंदोलनकारी किसानों के बीच भेजने के पीछे प्रियंका गांधी की मंशा क्या थी। बिट्टू ने कहा कि उस दिन कुछ भी हो सकता था। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने हताशा भरी कोशिश की, ताकि किसानों में मोदी विरोधी भावनाओं को भड़काया जा सके। बिट्टू ने कहा कि उनको अब आशंका है कि उन्हें नुकसान पहुंचाने की योजना पहले से बनाई गई थी। ताकि इसे बड़े राजनीतिक मुद्दे में बदला जा सके। बिट्टू के बयान को पंजाब कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सिर्फ सुर्खियां बटोरने की कोशिश बताया है।

रवनीत सिंह बिट्टू बीते दिनों भी चर्चा में आए थे। जब संसद भवन के गेट पर लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उनको देखते ही कहा था- आओ मेरे गद्दार दोस्त। इस पर भी बिट्टू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। अखबार को दिए इंटरव्यू में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस में भी दूसरे दलों से आए नेता हैं। क्या राहुल गांधी उन सभी को गद्दार कह रहे हैं? राहुल गांधी के बिट्टू को गद्दार कहने को बीजेपी ने बड़ा मुद्दा बना लिया था। बीजेपी ने इसे सिखों के प्रति कांग्रेस की नफरत बताई थी। रवनीत बिट्टू के दादा सरदार बेअंत सिंह पंजाब की कांग्रेस सरकार के सीएम थे। खालिस्तानी आतंकियों ने कार बम धमाका कर बिट्टू के दादाजी की हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *