February 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन गिरफ्तार, एपस्टीन फाइल्स में आया था नाम

नई दिल्ली। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंड्रयू माउंटबेटन का नाम हाल ही में एपस्टीन फाइल्स में सामने आया था। बीबीसी की खबर के मुताबिक ब्रिटेन की स्पेशल पुलिस ने पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित वुड फार्म से एंड्रयू को गिरफ्तार किया। एंड्रयू की गिरफ्तारी आज उनके जन्मदिन के दिन हुई है। एंड्रयू पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जेफरी एपस्टीन को सरकारी दस्तावेज देने का आरोप है। इसी मामले में उनके खिलाफ एक्शन लिया गया है।

साल 2010 से 2015 तक बोर्ड ऑफ ट्रेड के प्रेसिडेंट रहे विंस केबल ने एंड्रूयू पर ट्रेड राजदूत के पद पर रहने के दौरान अपने पद के दुरुपयोग करने के आरोप लगाए थे। इस मामले में पुलिस की जांच के बाद पिछले साल अक्टूबर 2025 में एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर ने ड्यूक ऑफ यॉर्क का टाइटल छोड़ने का ऐलान किया था। यह ब्रिटिश राजशाही की सबसे प्रतिष्ठित उपाधियों में से एक है। इसके साथ ही एंड्रयू को रॉयल लॉज भी खाली करना पड़ा था। टेम्स वैली पुलिस के अनुसार नॉरफ़ॉक से साठ वर्ष से अधिक आयु के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार, हम गिरफ्तार व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं करेंगे।

आपको बता दें कि एंड्रयू माउंटबेटन क्वीन एलिजाबेथ-II और प्रिंस फिलिप की तीसरी संतान हैं। एंड्रयू 22 साल रॉयल नेवी में रहे हैं। 1982 के फाल्कलैंड युद्ध में उन्होंने हेलिकॉप्टर पायलट के रूप में काम किया। साल 2001 में एक्टिव सर्विस से कमांडर की रैंक से वो रिटायर हुए। साल 2010 में उनको रीयर एडमिरल और साल 2015 में वाइस एडमिरल के पद पर मानद पदोन्नति दी गई थी। यूके गवर्नमेंट ने एंड्रयू को  इंटरनेशनल ट्रेड एंड इनवेस्टमेंट के लिए स्पेशल रीप्रेजेंटेटिव भी नियुक्त किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *