राहुल गांधी की भिवंडी कोर्ट में हुई पेशी, आरएसएस के खिलाफ विवादित टिप्पणी से जुड़ा है मामला
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आरएसएस से जुड़े मानहानि मामले में आज महाराष्ट्र के भिवंडी कोर्ट में पेश हुए। राहुल गांधी और वकील के अलावा किसी को कोर्ट में जाने की अनुमति नहीं थी। राहुल को नया जमानतदार पेश करने के लिए कोर्ट में पेश होना पड़ा। दरअसल पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल राहुल गांधी के जमानतदार थे, मगर उनका पिछले साल दिसंबर में निधन हो गया था इस वजह से कोर्ट ने उनको नया जमानतदार उपलब्ध कराने को कहा था। अब महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल को नए जमानतदार के रूप में पेश किया गया है।
राहुल गांधी जब कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे तो उनको विरोध का सामना भी करना पड़ा। बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनको काले झंडे दिखाए। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज यह मानहानि का मामला साल 2014 का है। कांग्रेस नेता पर आरोप है कि 2014 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर विवादित बयान दिया था। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया था। आरएसएस के पदाधिकारी राजेश कुंटे ने भिवंडी अदालत में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था।
हालांकि इस मामले में राहुल गांधी जब पहले अदालत में पेश हुए थे, तब उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन मूल जमानत धारक का निधन हो जाने की वजह से कानूनी प्रक्रिया के तहत राहुल गांधी को दोबारा जमानत लेनी पड़ी, इसलिए वे आज अदालत में पेश हुए। राहुल गांधी के माफी मांगने के सवाल पर उनके वकील ने कहा कि नारायण अय्यर ने कहा कि हम ट्रायल का सामना करेंगे। हमें कोर्ट पर भरोसा है और सच जल्द ही सामने आएगा। बता दें कि एक दिन पहले ही अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में राहुल गांधी ने यूपी की सुल्तानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश होकर बयान दर्ज कराए हैं।
