यूपी में शिक्षामित्रों को अप्रैल से मिलेंगे 18000 रुपए, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों के लिए भी किया बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रदेश विधानसभा में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सौगात देते हुए बड़ी घोषणा की। योगी ने कहा कि अप्रैल 2026 से शिक्षामित्रों को 18000 रुपए तथा अनुदेशकों को 17000 रुपए मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही शिक्षकों शिक्षकों को 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। अभी यूपी में शिक्षामित्रों को 10000 रुपए मानदेय मिल रहा है। योगी ने डिजिटल एंटरप्रेन्योर योजना का भी ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 8 हजार न्याय पंचायतें हैं और इनमें डिजिटल उद्यमी स्थापित किए जाएंगे। इन 8 हजार डिजिटल उद्यमी में से 50 फीसदी केवल उसी न्याय पंचायत की बेटी या बहू होगी। महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था होगी। इसमें 10 लाख रुपए तक के ब्याज मुक्त ऋण की व्यवस्था रहेगी। गांव के अंदर सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी जैसे ऑप्टिकल फाइबर या अन्य कोई ट्रेडिंग का काम, गांव के प्रोडक्ट को दूसरी जगह पहुंचाने का काम, इस सबकी व्यवस्था की जाएगी। सीएम बोले, हमने उत्तर प्रदेश को स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस के एक मॉडल स्टेट के रूप में स्थापित किया है।
इसके साथ ही प्रदेश के नौजवानों के लिए भी योगी आदित्यनाथ ने ऐलान करते हुए कहा कि AI गेम चेंजर होने वाला है। प्रदेश के कामकाजी युवाओं के लिए AI की भूमिका क्या हो सकती है इसके लिए AI टूल्स के फ्री वर्जन का उपयोग करने के लिए अब तक पैसे देने की आवश्यकता पड़ी थी और अब सरकार 25 लाख युवाओं को AI वर्जन फ्री में उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार काम करेगी। सीएम ने कहा कि वर्ष 2030 तक 5 गीगावाट डाटा सेंटर की क्षमता प्रदेश के अंदर बने, इस दिशा में हम कार्य कर रहे हैं। अन्नदाता किसानों का प्रोडक्ट भी ग्लोबल मार्केट में पहुंच जाए, उसके लिए हम लोगों ने पहले चरण में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान बजट में किया है।
