कौन है मैडम जहर? दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है लिंक
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को गिरफ्तार किया है। नेहा कुख्यात बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है। बॉबी कबूतर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को हथियारों की खेप मुहैया कराता है। जबकि नेहा लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के लिए ड्रग्स सिंडिकेट का काम संभाल रही थी। नेहा को लॉरेंस गैंग में मैडम जहर के नाम से भी जाना जाता है। पुलिस ने उसे महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया है और उसके पास से ड्रग्स भी जब्त की गई है। नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती है और उसी की आड़ में ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ी हुई है।
लेडी डॉन नेहा उर्फ खुशनुमा अंसारी से अब स्पेशल सेल की टीम के द्वारा पूछताछ की जा रही है और लॉरेंस तथा हाशिम बाबा गैंग से जुड़े अन्य लोगों के नाम उगलवाने की कोशिश हो रही है। पता चला है कि बॉबी कबूतर और लेडी डॉन नेहा लगभग 7 साल से एक दूसरे के साथ हैं। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के मर्डर से पहले उसकी रेकी में बॉबी कबूतर में शामिल था। उसने ही हमलावरों को सिद्धू मूसेवाला के विषय में सटीक जानकारी दी थी।
लेडी डॉन नेहा के साथ बॉबी कबूतर के दो गुर्गे मोहम्मद राजी खान और शाहबाज को भी पुलिस ने धर दबोचा है। इन दोनों से भी पूछताछ हो रही है। बॉबी कबूतर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट सलीम पिस्टल से हथियारों की खेप लेकर बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग को सप्लाई करता था। बॉबी कबूतर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले हाशिम बाबा की बेगम लेडी डॉन जोया खान को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वहीं चंडीगढ़ की लेडी डॉन दीपा को भी पुलिस ने पकड़ा था। वो लॉरेंस गैंग के दुश्मन भुप्पी राणा की चंडीगढ़ कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या करना चाहती थी।
