राहुल गांधी ने मानहानि मामले में सुल्तानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट में दर्ज कराए बयान, 9 मार्च को होगी अगली सुनवाई
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में पेश हुए और मानहानि मामले में उन्होंने बयान दर्ज कराए। राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने अगस्त 2018 में कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था। सुल्तानपुर के स्थानीय बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने अक्टूबर 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस किया था। राहुल करीब आधे घंटे तक कोर्ट में रहे और उन्होंने कहा कि यह केस राजनीतिक दुर्भावना के तहत दर्ज किया गया है। मामले की अगली सुनवाई अब 9 मार्च को होगी।
राहुल गांधी को इससे पहले 19 जनवरी को अदालत में पेश होना था मगर वो कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए थे जिसके बाद उनकी पेशी के लिए अदालत ने 20 फरवरी की तारीख तय की थी। इस केस में राहुल गांधी के खिलाफ धारा 500 आईपीसी के तहत वारंट जारी किया गया था। इसके बाद राहुल गांधी 20 फरवरी 2024 को कोर्ट में पेश हुए थे और तब कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।
राहुल गांधी दिल्ली से सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचे। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी समेत कई अन्य पार्टी नेता उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। इसके बाद राहुल गांधी सीधे सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। उधर, राहुल गांधी की बहन और वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि झूठे केस करो, लोगों को प्रताड़ित करो, यह उस तरह की राजनीति है। हम लंबे समय से यह सब झेल रहे हैं। यह सर्वविदित हो चुका है कि सच्चाई के साथ खड़े होने और विकास की बात करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाएंगे।
