‘घूसखोर पंडत’ के बाद अब ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर विवाद, संभल के थाने में केस दर्ज; सियासत भी गर्माने के आसार
संभल। ‘घूसखोर पंडत’ फिल्म के बाद अब ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म पर विवाद हो गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और मुख्य कलाकारों के खिलाफ यूपी के संभल में केस दर्ज कराया गया है। खास बात ये है कि फिल्म का नाम यादव जी की लव स्टोरी है, लेकिन इस फिल्म में एक भी यादव एक्टर नहीं है। यादव जी की लव स्टोरी के प्रोड्यूसर संदीप तोमर और डायरेक्टर अंकित बड़ाना हैं। फिल्म के लीड रोल में यूट्यूबर मृदुल तिवारी की बहन प्रगति के अलावा खुद अंकित बड़ाना, विशाल मोहन, रजत तनवर और सुविंदर विक्की हैं। यादव जी की लव स्टोरी 27 फरवरी को रिलीज किया जाना तय है। हालांकि, अभी ये नहीं पता कि विवाद के बाद यादव जी की लव स्टोरी इस तारीख को रिलीज होगी या नहीं। इस पर सियासत भी गर्माती दिख रही है।
यादव जी की लव स्टोरी पर विवाद इस वजह से हुआ है क्योंकि इसमें सिंपल यादव नाम की लड़की को वसीम अख्तर से प्रेम करते दिखाया गया है। जबकि, फिल्म की कहानी के मुताबिक सिंपल यादव पर उसके घरवाले अभिमन्यु यादव से शादी करने का दबाव बनाते हैं। सिंपल यादव की भूमिका प्रगति तिवारी और वसीम अख्तर का रोल विशाल मोहन ने किया है। कई दिन से फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के खिलाफ संभल और आसपास लोग विरोध जता रहे थे। आखिरकार यादव समाज के लोगों ने संभल के धनारी थाने में फिल्म बनाने वालों और एक्टर्स के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यादव समुदाय का कहना है कि इस फिल्म का टाइटल की आपत्तिजनक है। इसमें जानबूझकर यादव समाज को निशाना बनाने का आरोप लग रहा है।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म का नाम और उसकी कहानी यादव समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। शिकायत में कहा गया है कि फिल्म में यादव समाज को जिस तरह से दिखाया गया, उससे पूरे समुदाय की छवि खराब हो रही है। यादव समाज ने कहा है कि फिल्म यादव जी की लव स्टोरी रिलीज नहीं होनी चाहिए। बता दें कि मनोज वाजपेयी अभिनीत नेटफ्लिक्स की फिल्म घूसखोर पंडत का मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया। सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए घूसखोर पंडत का नाम बदलने के लिए कहा था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वो किसी समुदाय के खिलाफ फिल्म के खिलाफ है।
