देश को बदनाम करने के लिए घात लगाकर कहीं भी घुस जाती है कांग्रेस, AI समिट हंगामे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने साधा निशाना
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर में जनसभा को संबोधित करते हुए AI समिट में हुए हंगामे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। मोदी ने कहा, इतिहास गवाह है मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी इसलिए मुस्लिम लीग ने देश बांट दिया। आज कांग्रेस भी वही कर रही है। माओवादी भी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और हमारे सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं। ये घात लगाकर हमला करते हैं। कांग्रेस भी घात लगाकर देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है। कांग्रेस के ऐसे कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा।
मोदी ने कहा, हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ। इसमें दुनिया के अनेक देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मंत्री कार्यक्रम में आए थे। दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां, उनके कर्ता-धर्ता भी एक छत के नीचे इकट्ठे हुए थे। सबने भारत की खुले मन से प्रशंसा की। हताशा, निराशा में डूबी लगातार पराजय के कारण थक चुकी कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने के लिए पूरा ड्रामा किया। कांग्रेस पूरे देश में लगातार हार रही है और गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है।
मोदी बोले, कभी कांग्रेस, INC यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी लेकिन अब INC नहीं बची है, इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बची है। आज वो INC के बजाय MMC बन गई है। MMC यानी मुस्लिमलीगी माओवादी कांग्रेस हो चुकी है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसके जमाने में विदेशों से होने वाले रक्षा सौदों में बड़े-बड़े घोटाले होते थे। पिछले 11 वर्षों में, भारत की सेना ने हर मोर्चे पर आतंकवादियों और दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है। हमारी सेना हर मिशन, हर मोर्चे में विजयी रही। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक, सेना ने अपनी वीरता का लोहा मनवाया लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को आगे बढ़ाया। देश के लिए जो भी शुभ है, अच्छा है, जो भी देशवासियों का भला करने वाला है, कांग्रेस उस सबका विरोध करती है।
