अमृत कुंभ सम्मान 2025 से सम्मानित हुईं नीरज कुमारी
नरेंद्र बंसल –
मेरठ। छावनी परिषद द्वारा संचालित सीएबी इंटर कॉलेज की हिंदी अध्यापिका श्रीमती नीरज कुमारी को अमृत कुंभ सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलिंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
एनसीसी ऑफिसर डॉ. विजयपाल सांवरिया ने बताया कि यह भव्य समारोह सी.डी. देशमुख ऑडिटोरियम, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कविंदर गुप्ता (महामहिम उपराज्यपाल, लद्दाख) रहे। साथ ही डॉ. विजय कुमार सारस्वत (सदस्य, नीति आयोग) एवं संस्था की निदेशिका श्रीमती हेमलता जी ने प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर नीरज कुमारी को सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी श्री जाकिर हुसैन, प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कौशिक सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नीरज कुमारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
