February 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो का किया उद्घाटन, नमो भारत आरआरटीएस के पूरे रूट को भी दिखाई हरी झंडी

मेरठ। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ मेट्रो और नमो भारत के पूरे रूट का उद्घाटन किया। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेट्रो चलेगी। जबकि, दिल्ली से मोदीपुरम तक नमो भारत आरआरटीएस ट्रेन की सवारी कर सकेंगे। मेरठ मेट्रो करीब 23 किलोमीटर रूट पर शुरू हुई है। जबकि, नमो भारत ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर से 82.15 किलोमीटर तक चलेगी। नमो भारत और मेरठ मेट्रो का 12 किलोमीटर लंबा भूमिगत रूट है। दोनों प्रोजेक्ट पर 30274 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। अब आपको बताते हैं कि मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेनों की टाइमिंग क्या रहने वाली है।

मोदीपुरम से मेरठ साउथ स्टेशनों के बीच पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 6 बजकर 6 मिनट पर रवाना होगी। जबकि, मेरठ साउथ से मोदीपुरम के लिए पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। मोदीपुरम से आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 10 बजकर 6 मिनट और मेरठ साउथ से रात 10 बजकर 2 मिनट पर चलेगी। जानकारी के मुताबिक दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम तक पहली नमो भारत ट्रेन सुबह 6 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10 बजे चलेगी। वहीं, मोदीपुरम से नमो भारत ट्रेन की सेवा सुबह 6 बजकर 1 मिनट और आखिरी ट्रेन रात 10 बजकर 1 मिनट पर होगी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च 2019 को दिल्ली मेरठ नमो भारत आरआरटीएस का शिलान्यास किया था। 20 अक्टूबर को उन्होंने 17 किलोमीटर के प्राथमिक खंड का लोकार्पण किया था। इसका फिर विस्तार किया गया और 5 जनवरी 2025 को नमो भारत ट्रेन दिल्ली तक पहुंची थी। अब ये न्यू अशोक नगर से मोदीपुरम तक के पूरे रूट पर दौड़ेगी। इससे रोज दिल्ली से मेरठ के बीच आम लोगों के आवागमन में काफी मदद मिलेगी। नमो भारत अपना पूरा रूट एक तरफ से सिर्फ 55 मिनट में पूरा कर लेगी। जबकि, पहले सड़क मार्ग से दिल्ली से मेरठ जाने में डेढ़ घंटे के करीब वक्त लगता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *