March 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

साइबर ठगी करने वालों पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 राज्यों में छापा मार 27 आरोपियों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली। साइबर ठगी करने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला साइबर सेल ने हफ्तेभर ऑपरेशन चलाकर 11 राज्यों में छापे मारे। इन छापों में दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी करने के 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक उसने इन ऑपरेशन में साइबर ठगी के 10 बड़े मामलों का खुलासा किया है। इन मामलों में 1.5 करोड़ रुपए से ज्यादा की साइबर ठगी भी शामिल है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक उसने गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों में करीब 14 करोड़ के लेन-देन का पता लगाया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक साइबर ठगी के आरोपियों के पास से 25 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, 20 डेबिट कार्ड, पीओएस मशीन, बैंकों के दस्तावेज वगैरा बरामद किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े साइबर ठग निवेश का झांसा देकर, वाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए, क्रेडिट कार्ड देने के बहाने और एपीके फाइल बनाकर लोगों से ठगी करते थे। दिल्ली पुलिस की पश्चिम जिला साइबर सेल साइबर ठगी के तीन मामलों की जांच करते हुए इतने आरोपियों की पहचान की। जिसके बाद दिल्ली, महाराष्ट्र, यूपी, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, और पश्चिम बंगाल तक पहुंची।

बता दें कि साइबर ठगी के मामले लगातार हो रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में चिंता जताई थी। सुप्रीम कोर्ट में डिजिटल अरेस्ट समेत साइबर ठगी के मामलों की सुनवाई के दौरान गृह मंत्रालय ने बताया था कि साइबर ठगी के मामले बीते पांच साल में 8 गुना बढ़ गए हैं। गृह मंत्रालय ने कोर्ट को बताया था कि साइबर ठगों ने अब तक 55000 करोड़ से ज्यादा रुपए लोगों के बैंक खातों से पार किए हैं। सुप्रीम कोर्ट सीबीआई से कहा था कि वो डिजिटल अरेस्ट समेत साइबर ठगी के मामलों की जांच करे। साइबर ठगी के प्रति खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी आगाह किया था। इसके अलावा केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक सोशल मीडिया और अखबार व टीवी चैनलों पर विज्ञापन देकर भी लोगों को साइबर ठगी से सावधान करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *