ईडी की जांच में घिरे अनिल अंबानी की बढ़ रही मुश्किलें, अब सीबीआई ने कारोबारी पर पीएनबी से फ्रॉड और साजिश का केस किया दर्ज
नई दिल्ली। ईडी की जांच में घिरे कारोबारी और मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पंजाब नेशनल बैंक की शिकायत पर सीबाई ने अनिल अंबानी और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने का केस दर्ज किया है। पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर संतोषकृष्ण अन्नावरपु की शिकायत पर सीबीआई ने अनिल अंबानी पर केस दर्ज किया है। पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर ने शिकायत में कहा है कि साल 2013 से 2017 तक अनिल अंबानी ने दूसरों के साथ मिलकर 1085 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की। पंजाब नेशनल बैंक की शिकायत के मुताबिक अनिल अंबानी की कंपनी ने बैंक से रकम लेकर उसे अनजान जगहों पर डायवर्ट किया।
अनिल अंबानी के खिलाफ ईडी पहले से ही मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही है। ईडी कई बार अनिल अंबानी से पूछताछ कर चुकी है। ईडी ने अनिल अंबानी की कंपनी के बड़े अधिकारी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल भी भेजा था। ईडी ने अनिल अंबानी की कंपनियों पर रेड की थी और उनका मकान भी जब्त कर लिया है। इस मकान की कीमत 3700 करोड़ रुपए है। अब सीबीआई की तरफ से फ्रॉड और साजिश का केस दर्ज करने पर अनिल अंबानी को दो-दो जांच एजेंसी का सामना करना है। अनिल अंबानी अपने बचाव में बॉम्बे हाईकोर्ट तक जा चुके हैं, लेकिन वहां से भी उनको कोई राहत नहीं मिल सकी है।
अनिल अंबानी को इस साल 23 फरवरी को बॉम्बे हाईकोर्ट की डिविजन बेंच ने राहत देने से इनकार कर दिया था। बॉम्बे हाईकोर्ट सिंगल जज बेंच ने अनिल अंबानी और उनकी कंपनी के खातों पर कार्रवाई पर स्टे दिया था। जिसे बॉम्बे हाईकोर्ट की बड़ी बेंच ने रद्द कर दिया था। इसके अलावा यूनियन बैंक से 228 करोड़ रुपए का लोन लेने के मामले में धोखाधड़ी के आरोप पर सीबीआई ने अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की थी। अनमोल से सीबीआई पूछताछ भी कर चुकी है। सीबीआई ने कहा था कि जब यूनियन बैंक से लोन लेकर फंड डायवर्ट किया गया उस वक्त जय अनमोल अंबानी रिलायंस होम फाइनेंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे।
