क्रिकेटर हार्दिक पांड्या पर तिरंगे के अपमान का लगा आरोप, पुणे में शिकायत दर्ज, लीगल एक्शन की मांग
नई दिल्ली। भारत के ऑलराउंडर क्रिकेटर हार्दिक पांड्या पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगा है। वाजिद खान नाम के एक वकील ने हार्दिक के खिलाफ पुणे के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। वाजिद खान की ओर से दी गई लिखित शिकायत में यह कहा गया है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में भारत की जीत के बाद हार्दिक पंड्या ने अपने शरीर पर तिरंगा लपेटकर जश्न मनाया था। इस दौरान वो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस कर रहे थे। उनका यह आपत्तिजनक व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ है।
वाजिद खान ने कहा कि जीत के जश्न में हार्दिक पांड्या नेशनल फ्लैग को अपनी पीठ में बांधकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्टेज के एक कोने में लेट गए। यह कहीं न कहीं राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है। हमें राष्ट्रीय ध्वज का आदर रखना चाहिए लेकिन हार्दिक पांड्या इस बात को भूल गए। मैंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में एक कंप्लेन दर्ज की है और इसमें मैंने मांग की है कि हार्दिक पांड्या के खिलाफ लीगल एक्शन लिया जाए। पुलिस से एफआईआर की मांग की है हालांकि वकील ने बताया कि जो सेक्शन है उसके आधार पर एफआईआर के चांसेस काफी कम हैं लेकिन कोर्ट में प्राइवेट केस दाखिल हो सकता है और हार्दिक के खिलाफ लीगल एक्शन लिया जा सकता है।
आपको बता दें कि टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने में हार्दिक का काफी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हार्दिक ने टूर्नामेंट में 9 मैच खेले और इन मैचों में उन्होंने अपने बल्ले और गेंद दोनों से ही शानदार प्रदर्शन किया। हार्दिक ने टूर्नामेंट में 27.12 के औसत से 217 रन बनाए जिसमें 2 अर्धशतकीय पारियां भी खेली थीं। वहीं गेंदबाजी में हार्दिक ने 32.33 के औसत से कुल 9 विकेट चटकाए। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में हार्दिक पांड्या का फेंका गया 19वां ओवर भारत की जीत के लिहाज से काफी अहम साबित हुआ था।
