May 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Neeraj Chopra Clinches Gold: डायमंड लीग 2023 में नीरज चोपड़ा का कमाल, 87.66 मीटर तक जैवलिन फेंककर जीता गोल्ड

लुसाने। लुसाने में डायमंड लीग 2023 में भारत के नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर जैवलिन थ्रो में कमाल कर दिखाया है। ओलंपिक की जैवलिन थ्रो स्पर्धा के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग में 87.66 मीटर तक जैवलिन फेंककर गोल्ड मेडल जीत लिया। अपने पांचवीं कोशिश में नीरज ने गोल्ड के लिए थ्रो किया। उनका पहला थ्रो फाउल था। ऐसे में शुरुआती झटके के बाद भी नीरज ने प्रतियोगिता में कमाल कर दिखाया है। नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2023 में जर्मनी के जूलियन वीबर और चेक गणराज्य के याकूब वादलेज्चे को पीछे छोड़कर भारत के लिए स्वर्णिम जीत दर्ज कराई।

लुसाने में नीरज ने पहला थ्रो फाउल कर दिया। उसके बाद उन्होंने दूसरी बार 83.52 मीटर तक जैवलिन थ्रो किया। उन्होंने तीसरी कोशिश में जैवलिन को 85.04 मीटर तक फेंका। तीन कोशिश के बाद जर्मनी के जूलियन वीबर 86.20 मीटर तक जैवलिन फेंककर नीरज चोपड़ा से आगे थे। नीरज चोपड़ा पर तब ज्यादा दबाव बना, जब उनका चौथा थ्रो भी फाउल हो गया। फिर भी नीरज ने हार नहीं मानी और अपनी कोशिश के कारण पांचवीं बार जैवलिन को 87.66 मीटर तक थ्रो कर दिया। इसके बाद छठा थ्रो नीरज ने 84.15 मीटर का किया। जूलियन ने आखिरी थ्रो 87.03 मीटर तक किया। इससे उनको सिल्वर मेडल मिला। चेक गणराज्य के याकूब वादलेज्चे ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

इस साल नीरज चोपड़ा ने दूसरी बार किसी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले दोहा डायमंड लीग में भी नीरज चोपड़ा ने सबसे ज्यादा दूरी तक जैवलिन थ्रो कर गोल्ड मेडल हासिल किया था। नीरज चोपड़ा ने 8वीं बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जैवलिन थ्रो करके गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले ओलंपिक गेम्स, एशियाई गेम्स और साउथ एशियन गेम्स में भी नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में गोल्ड हासिल किया था। ओलंपिक में वो बरसों बाद एथलेटिक्स स्पर्धा में भारत को गोल्ड दिलाने वाले खिलाड़ी बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *