डोनाल्ड ट्रंप का नया दावा, ईरान मुझे सुप्रीम लीडर बनाना चाहता था, जानिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने और क्या कहा?
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान ने युद्ध को खत्म करने के लिए अपनी-अपनी शर्तें रखी हैं। युद्धविराम की बातचीत को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं हालांकि इस दौरान दोनों ओर से हमले भी जारी हैं। इस बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नया दावा किया है। ट्रंप का कहना है कि अली खामेनेई के मारे जाने के बाद ईरान मुझे सुप्रीम लीडर बनाना चाहता था। ट्रंप ने रिपब्लिकन कार्यक्रम में कहा कि ईरान ने उन्हें सुप्रीम लीडर बनने का प्रस्ताव दिया। ट्रंप ने हंसते हुए कहा कि मैंने इस प्रस्ताव को मना कर दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के कुछ लोगों ने मुझसे अनौपचारिक रूप से कहा था कि आप हमारे अगले सुप्रीम लीडर बन जाओ। ट्रंप बोले, किसी देश का कोई भी नेता ईरान का सुप्रीम लीडर नहीं बनना चाहेगा। इसी के साथ ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने युद्ध में ईरान को बुरी तरह हरा दिया है। अमेरिका बहुत बड़ी जीत हासिल कर रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है मगर वो ऐसा करने से डर रहा है। आपको बता दें कि ट्रंप ने यह नया दावा ऐसे समय पर किया है जब हाल ही में अमेरिका ने पाकिस्तान के माध्यम से 15 सूत्रीय प्रस्ताव ईरान को भेजा है।
हालांकि ईरान ने पाकिस्तान की मध्यस्थता की पेशकश को खारिज कर दिया। इस बीच ईरान ने युद्ध रोकने के लिए पांच शर्तें रखी हैं। ईरान का कहना है उसकी इन शर्तों को मानने के बाद ही युद्ध विराम हो सकेगा। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस दावे का जिसमें उन्होंने कहा था ईरान के साथ युद्धविराम को लेकर बातचीत चल रही है, ईरानी सेना ने मजाक उड़ाया था। ईरान की सेना ने कहा था अमेरिका खुद से ही बात कर रहा है।
