साजिश नहीं दुर्घटना, सिंगर जुबीन गर्ग की मौत मामले में सिंगापुर कोर्ट का फैसला
नई दिल्ली। गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर असम सरकार जहां एक हत्या का अंदेशा जता रही है वहीं दूसरी तरफ सिंगापुर की कोर्ट की राय इससे बिलकुल अलग है। सिंगापुर के एक स्टेट कोरोनर ने सिंगापुर पुलिस कोस्ट गार्ड की जांच को सही ठहराते हुए कहा है कि जुबीन गर्ग की मौत एक दुर्घटना थी, इसमें किसी प्रकार की कोई साजिश नहीं है। सिंगापुर पुलिस कोस्ट गार्ड के मुताबिक जुबीन गर्ग की मौत डूबने से वजह से हुई किसी ने उनको जबर्दस्ती धक्का नहीं दिया वो खुद अपनी मर्जी से पानी में उतरे थे।
इससे पहले जनवरी में केस की सुनवाई के दौरान मुख्य जांच अधिकारी ने सिंगापुर कोर्ट में कहा था कि घटना के वक्त जुबीन गर्ग अत्यधिक नशे की हालत में थे। वो खुद अपनी मर्जी से समुद्र में उतरे थे और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से इनकार कर दिया था। जुबीन के शरीर पर मिले चोटों के निशान को लेकर जांच अधिकारी ने बताया था कि जब उनको समुद्र से निकालकर यॉट पर लाया जा रहा था उसी दौरान उनको यह चोट लगी थी। हालांकि जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा गर्ग ने सिंगापुर पुलिस कोस्ट गार्ड के इस दावे पर सवाल उठाया था।
वहीं सिंगापुर की अदालत ने कहा कि सिंगापुर पुलिस कोस्ट गार्ड ने इस मामले में गहन जांच की है। बता दें कि 19 सितंबर 2025 को जुबीन गर्ग की सिंगापुर के लाजर द्वीप पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वो वहां पर यॉट में पार्टी कर रहे थे। उनकी मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया था। हालांकि जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा गर्ग ने पति की मौत को संदिग्ध मानते हुए जांच की मांग उठाई थी। वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कहा था कि जुबीन गर्ग की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या है।
