May 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्या देश में फिर से लगने वाला है लॉकडाउन? अफवाहों पर केंद्र सरकार का आया जवाब

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से लॉकडाउन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया से लेकर हर जगह लोग इस विषय पर बात कर रहे हैं कि क्या पश्चिम एशिया युद्ध की वजह से भारत में लॉकडाउन लगने वाला है। लॉकडाउन को लेकर फैल रही इन अफवाहों के बीच केंद्र सरकार की ओर से जवाब आया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि लॉकडाउन लगने की अफवाह बिल्कुल गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ऐसे किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है।

हरदीप पुरी ने देशवासियों से कहा कि ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहें। इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है। भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मजबूती दिखाई है और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे। दरअसल मिडिल ईस्ट के हालात पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कोविड काल का उदाहरण देते हुए एक बात कही थी। पीएम ने जनता से उसी प्रकार धैर्य और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया था जैसा कि कोरोना काल में किया था।

मोदी ने कहा था कि यह युद्ध अगर लंबा खिंचा तो कई प्रकार की परेशानियां आ सकती हैं। हालांकि उन्होंने देशवासियों को विश्वास दिलाया था कि भारत के पास ईंधन का भंडार है। तेल, गैस और खाद की कोई कमी नहीं है। कोरोना काल को लेकर कही गई पीएम मोदी की उसी बात को कुछ लोगों ने लॉकडाउन से जोड़ दिया और सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई क्या देश में फिर से लॉकडाउन लगने वाला है? इस अफवाह की वजह से कई लोगों के मन में डर और सवाल भी उठ रहे थे मगर अब सरकार की ओर से लॉकडाउन लगने की खबरों का खंडन कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *