March 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली से लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान को बीच रास्ते से क्यों आना पड़ा वापस?

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट जाने वाले एयर इंडिया के एक विमान को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। फ्लाइट रडार डेटा के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 111 ने करीब सात घंटे तक हवा में रहने के बाद सऊदी अरब से यूटर्न ले लिया। गुरुवार दोपहर को दिल्ली लौट आई। दरअसल विमान में आई तकनीकी खराबी की वजह से ऐसा करना पड़ा। विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों को उतारकर विशेषज्ञों के द्वारा विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया के एयरबस A350 ने दिल्ली से गुरुवार सुबह 6 बजकर 13 मिनट पर लंदन जाने के लिए उड़ान भरी थी और दोपहर लगभग 1 बजकर 20 मिनट पर वापस दिल्ली में लैंड किया। इस दौरान लगभग सात घंटे में इस विमान ने तकरीबन 3,300 की दूरी तय की। बताया जा रहा है कि जब विमान सऊदी अरब के एयरस्पेस में था उस वक्त पायलट को कुछ तकनीकी खामी समझ में आई इसके बाद उसने एटीसी से संपर्क किया और इसके बाद विमान को वापस मोड़ लिया। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुछ टेक्निकल एरर की वजह से फ्लाइट को एहतियात के तौर पर दिल्ली वापस लाया गया है।

इससे पहले पिछले हफ्ते शुक्रवार को भी ऐसा ही एक घटना हुई थी। दिल्ली से कनाडा के वैंकूवर जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को सात घंटे के बाद लौटना पड़ा था हालांकि उसका कारण विमान में टेक्निकल समस्या नहीं बल्कि कुछ और था। दरअसल एयर इंडिया ने गलती से बोइंग 777-200LR विमान को कनाडा भेज दिया था लेकिन वहां इस विमान की अनुमति नहीं है। एयर इंडिया को कनाडा के लिए केवल अपने बोइंग 777-300ER फ्लीट की ही अनुमति मिली हुई है, इसी वजह से उस विमान को वापस बुलाना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *