राहुल बाबा, कान खोलकर सुन लो…घुसपैठ के मुद्दे पर अमित शाह का कांग्रेस को अल्टीमेटम
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज असम के पाथरकांडी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए घुसपैठ का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस क्षेत्र को घुसपैठिया बाहुल्य बना चुकी है और पूरे असम को बनाना चाहती है। मैं आज यहां से कहकर जाता हूं, राहुल (गांधी) बाबा, कान खोलकर सुन लो, आपकी तीन पुश्तें भी आएंगी, असम को हम घुसपैठियों से मुक्त करके रहेंगे। शाह ने कहा, असम, बंगाल और त्रिपुरा तीनों जगह बीजेपी-NDA सरकार बनने के साथ ही न केवल घुसपैठ बंद होगी, बल्कि हम चुन-चुन कर घुसपैठियों को देश के बाहर करेंगे।
गृह मंत्री बोले, ये घुसपैठिये हमारे युवाओं के रोजगार, गरीबों के राशन और चाय बागान के मजदूरों की मजदूरी छीनने का प्रयास कर रहे हैं। इन्हें देश के बाहर निकालने का काम बीजेपी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एक ओर बीजेपी है, जो करीमगंज का नाम बदलकर श्रीभूमि करती है और दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है, जो घुसपैठियों के सहारे सत्ता हासिल करना चाहती है। हम सीएए की बात करते हैं, तो कांग्रेस विरोध करती है। कांग्रेस पार्टी ने षड्यंत्र के साथ इस क्षेत्र को घुसपैठिया बहुल क्षेत्र बनाने का प्रयास किया। वोट बैंक की गंदी राजनीति कर उन्होंने 1950 के इमिग्रेंट एक्ट को समाप्त कर दिया। गोपीनाथ जी असम को बचाने के लिए यह एक्ट लेकर आए थे। कांग्रेस ने 1983 में IMDT एक्ट पास कर घुसपैठियों को यहां शरण देने का काम किया।
राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए शाह बोले, जब से राहुल गांधी कांग्रेस के नेता बने हैं, सभी कांग्रेसियों का सार्वजनिक स्तर नीचे हो गया है। अभी दो दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि गुजरात और जो प्रांत बीजेपी का समर्थन करते हैं वे अनपढ़ हैं। कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए, जिस गुजरात ने स्वामी दयानंद सरस्वती, महात्मा गांधी, सरदार पटेल, विक्रम साराभाई और नरेंद्र मोदी जी जैसे नेता दिए, उस गुजरात को आप अनपढ़ कह रहे हो।
