April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, सीएम हिमंत की पत्नी ने फर्जी दस्तावेज बनाने का लगाया है आरोप

नई दिल्ली। असम पुलिस की एक टीम मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुंची। पवन खेड़ा के खिलाफ असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुयां सरमा ने आपराधिक केस दर्ज कराया है। खबर लिखे जाने तक पता चला है कि असम पुलिस को पवन खेड़ा घर पर नहीं मिले। असम के सीएम हिमंत ने इस पर कहा कि पवन खेड़ा हैदराबाद भाग गए। जबकि, पवन खेड़ा का बयान आया कि वो भाग नहीं रहे, असम पहुंचने वाले हैं। असम पुलिस के एसीपी देबोजीत नाथ ने दावा किया है कि उन्होंने पवन खेड़ा के घर से आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए। असम पुलिस टीम ने पवन खेड़ा के घर से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जब्त किए हैं।

पवन खेड़ा ने बीते दिनों एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दस्तावेज दिखाते हुए असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी भुयां के खिलाफ कई आरोप लगाए थे। पवन खेड़ा ने दावा किया था कि रिनिकी के पास मिस्र और बारबूडा का पासपोर्ट और यूएई में रहने का आधिकारिक कार्ड है। असम के सीएम हिमंत ने पवन खेड़ा के आरोपों को झूठा बताया था। वहीं, रिनिकी भुयां सरमा ने ये कहते हुए पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर कराई कि एआई और फोटोशॉप से सारे दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद ही अब असम पुलिस पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुंची। असम पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस के जवान भी दिखे।

असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा भी पवन खेड़ा पर सख्त कार्रवाई की बात कह रहे हैं। असम में 9 तारीख को विधानसभा चुनाव की वोटिंग होने वाली है। हिमंत ने कहा है कि चुनाव निपटने के बाद वो कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इस बीच, कांग्रेस के सांसद कार्ति चिदंबरम ने पवन खेड़ा के घर असम पुलिस पहुंचने पर प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा है कि असम पुलिस को मिलिशिया (भाड़े के सिपाही) बना दिया गया है। इस मामले में अभी सियासत के और गर्माने के आसार हैं। फिलहाल ऐसा लग रहा है कि पवन खेड़ा का किया दावा कांग्रेस के लिए ही कहीं बड़ी दिक्कत का सबब न बन जाए। क्योंकि राहुल गांधी भी लगातार हिमंत बिस्व सरमा को भ्रष्टाचारी बताते हुए असम में कांग्रेस सरकार बनने पर जेल भेजने की बातें करते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *