महाकुंभ में IIT बाबा के नाम से फेमस हुए अभय सिंह ने की शादी
नई दिल्ली। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में IIT बाबा के नाम से सोशल मीडिया पर फेमस हुए अभय सिंह ने एक बार फिर चर्चा में हैं। अभय सिंह ने शादी कर ली है। उनकी पत्नी का नाम प्रीतिका है जो मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली हैं। प्रीतिका पेशे से साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। अभय और प्रीतिका ने 15 फरवरी को शिवरात्रि पर्व पर हिमाचल प्रदेश के अघंजर मंदिर में शादी की थी। इसके बाद 19 फरवरी को उन्होंने कोर्ट मैरिज भी की। आज अभय अपनी पत्नी को साथ लेकर हरियाणा में अपने पैतृक गांव झज्जर अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने पहुंचे।
अभय की मां ने अपनी बहू का पारम्परिक तरीके से स्वागत किया। घर पहुंचने से पहले अभय अपने पिता जोकि पेशे से वकील हैं उनके इज्जर तहसील स्थित चैंबर भी गए। आस पास के बहुत से लोग अभय से मिलने उनके घर पहुंच रहे हैं। लोग अभय के साथ सेल्फी भी ले रहे हैं। अभय के विषय में उनकी पत्नी प्रीतिका ने बताया कि वो काफी सरल स्वभाव के ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। प्रीतिका ने कहा कि एक साल पहले अभय से वो मिली थीं। एक दूसरे को जानने के बाद दोनों ने शादी कर ली। अभय सिंह ने अपने भविष्य के प्लान के विषय में बताया कि वो सनातन के क्षेत्र में काम करते हुए श्री यूनिवर्सिटी खोलने के काम में लगे हुए हैं। इस विश्वविद्यालय में आध्यात्मिक साधना के साथ साथ सांसारिक ज्ञान भी दिया जाएगा।
आपको बता दें कि महाकुंभ के दौरान अभय सिंह का साधु की वेशभूषा में एक पत्रकार ने इंटरव्यू लिया था। बातचीत के दौरान अभय ने बताया था कि वो आईआईटी बॉम्बे से बीटेक हैं और आध्यात्म की ओर झुकाव के चलते वो नौकरी छोड़कर यहां संतों की शरण में आए हैं। इसके बाद देखते ही देखते अभय सिंह सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। हालांकि उनको लेकर बाद में काफी कंट्रोवर्सी भी हुई थी और अपने पिता को लेकर दिए बयानों की वजह से उनको महाकुंभ छोड़कर जाना पड़ा था।
