नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद पद की ली शपथ, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं, बिहार में नए सीएम को लेकर हलचल बढ़ी
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बतौर राज्यसभा सांसद शपथ ग्रहण की। नीतीश कुमार अब जल्द ही बिहार सीएम के पद से इस्तीफा देंगे जिसके बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। शपथ ग्रहण करने के बाद संसद भवन के बाहर जब पत्रकारों ने नीतीश कुमार से सवाल किया कि आपकी राज्यसभा जाने की इच्छा पूरी हो गई, अब आगे का क्या प्लान है तो नीतीश ने सिर्फ इतना कहा कि पहले तो हम यहीं न थे। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने कहा था कि अब यहीं रहूंगा। उधर नीतीश कुमार के शपथ के बाद अब बिहार के नए सीएम के नाम को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि बीजेपी और जेडीयू दोनों ही दलों की ओर से मुख्यमंत्री के नाम को लेकर पत्ते नहीं खोले गए हैं।
सीएम पद की रेस में बिहार के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है। कुछ दिन पहले ‘समृद्धि यात्रा’ के जमुई में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंच पर अपने साथ मौजूद सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर पहले उनके समर्थन में जनता से हाथ उठवाया और फिर उसके बाद कहा था कि अब यही सब काम करेंगे। इसके बाद से यह कयास लगने लगे थे कि सीएम पद के लिए सम्राट चौधरी नीतीश कुमार की पहली पसंद हैं।
