बेंजामिन नेतन्याहू के तेवर से डर गए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ, इजरायल के खिलाफ पोस्ट डिलीट किए
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच आज पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होने वाली बैठक से पहले पाकिस्तान और इजरायल के बीच तनातनी बढ़ गई है। इजरायल के द्वारा लेबनान में किए जा रहे हमलों के विरोध में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए इजरायल को मानवता के लिए अभिशाप बताया। इतना ही नहीं उन्होंने इजरायल की तुलना कैंसर से कर दी। वहीं इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और उन्होंने इस बयान को किसी भी प्रकार से अस्वीकार्य बताया। नेतन्याहू के तेवर को देखते हुए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने अपनी पोस्ट को डिलीट कर दिया।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि इजरायल गाजा, ईरान और अब लेबनान में निर्दोष लोगों का खून बहा रहा है। जिन लोगों ने इस कैंसर जैसे देश को बनाया है, वो नर्क की आग में जलें। इसके जवाब में इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि इजरायल के विनाश की बात किसी भी हाला में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेषकर जो देश खुद को शांति प्रक्रिया का हिस्सा बता रहा है, उससे तो बिलकुल भी नहीं। वहीं इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी पाकिस्तान को फटकार लगाई। सार ने कहा कि इजरायल को कैंसर जैसा बताना असल में उसके विनाश का ही आह्वान करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तेल अवीव इस्लामाबाद की बयानबाजी को गंभीरता से लेता है।
आपको बता दें कि अभी एक दिन पहले ही इजरायल ने पाकिस्तान की मध्यस्थ भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा था कि हम पाकिस्तान को एक विश्वसनीय पक्ष के रूप में नहीं देखते हैं। दरअसल अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर में इजरायल ने भी ईरान पर हमले रोक दिए हैं मगर उसने स्पष्ट कहा है कि हिजबुल्लाह के खिलाफ लेबनान में वो एयर स्ट्राइक जारी रखेगा। उधर, ईरान इस बात का विरोध कर रहा है।
