June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘समाजवादी पार्टी सभी टिकट मुस्लिम महिलाओं को दे तो हमें कहां आपत्ति’, अखिलेश यादव को अमित शाह का करारा जवाब

नई दिल्ली। मोदी सरकार ने लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने संबंधी संशोधन बिल और परिसीमन बिल समेत तीन बिल गुरुवार को लोकसभा में पेश किए। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मुस्लिम महिलाओं को अधिकार दिए जाने पर उठाए गए सवाल का करारा जवाब दिया।

अखिलेश यादव ने बिल पेश होने से पहले कहा कि सरकार ने गैर लोकतांत्रिक बात कही है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि पूरा देश आधी आबादी के लिए आरक्षण चाहता है। अखिलेश यादव ने कहा कि वो ये जानना चाहते हैं कि मुस्लिम महिलाओं के लिए बिल में क्या प्रावधान है? इस पर अमित शाह ने खड़े होकर अखिलेश यादव से कहा कि समाजवादी पार्टी सभी टिकट मुस्लिम महिलाओं को दे दे, हमें इस पर कहां आपत्ति है?

इससे पहले अखिलेश यादव ने एक और सवाल भी दागा कि सरकार जनगणना क्यों नहीं करा रही? समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार धोखा देकर ये बिल लाना चाहती है। इस पर अमित शाह ने उनको जवाब देते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही को देश देख रहा है और कुछ बयान ऐसे हैं, जो जनता में चिंता पैदा कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि अखिलेश यादव पूछ रहे हैं कि जनगणना क्यों नहीं हो रही। गृहमंत्री ने कहा कि देश को वो बताना चाहते हैं कि जनगणना चल रही है। अमित शाह ने कहा कि जातीय जनगणना का भी फैसला सरकार ने किया है और जनगणना में जाति पता करने का काम भी हो रहा है। लोकसभा और राज्यसभा का विशेष सत्र 18 अप्रैल तक चलेगा। लोकसभा में तीन बिल पर शुक्रवार को और राज्यसभा में शनिवार को वोटिंग कराए जाने की तैयारी है। नारी शक्ति वंदन संशोधन बिल को पास कराने के लिए मोदी सरकार को दोनों ही सदनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *