पाकिस्तान में हाफिज सईद के करीबी आतंकी अमीर हमजा को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोलियां
नई दिल्ली। लश्कर ए तैयबा के संस्थापक सदस्य आतंकी अमीर हमजा को पाकिस्तान में किसी अज्ञात हमलावरों के द्वारा गोली मारे जाने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लाहौर में एक न्यूज चैनल के ऑफिस के बाहर अमीर हमजा पर यह जानलेवा हमला हुआ है। हमजा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हमलावर गोलियां दागकर फरार हो गए। अमीर हमजा को आतंकी हाफिज सईद का बेहद करीबी माना जाता है। भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों में अमीर हमजा का हाथ रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि अमीर हमजा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के गुजरांवाला शहर से मूलत: ताल्लुक रखता है। अमेरिका ने साल 2012 में हमजा को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। इससे पहले पिछले साल मई 2025 में भी अमीर हमजा के घायल होने की खबर आई थी। मीडिया रिपोर्ट में ऐसा दावा किया गया था कि हमजा एक दुर्घटना में घायल हुआ था जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त भी उसकी कंडीशन काफी सीरियस बताई गई थी। 2005 में बेंगलुरु में भारतीय विज्ञान संस्थान पर जो हमला हुआ था उसका मास्टरमाइंड हमजा ही था। इसके अलावा भी कई आतंकी वारदातों को भी उसके इशारे पर अंजाम दिया गया था।
2000 के दशक की शुरुआत में हमजा काफी एक्टिव था। हमजा उस वक्त मुख्य रूप से लश्कर के प्रचार और प्रसार की जिम्मेदारी संभालता था। इसके अलावा आतंकी वारदातों की प्लानिंग में भी वो शामिल रहता था। साल 2018 में जब जमात-उद-दावा पर प्रतिबंध के चलते वित्तीय कार्रवाई हुई थी तो दिखावे के लिए हमजा ने अपने आप को उससे अलग कर लिया था। इसके बाद हमजा ने जैश-ए-मनकाफा नाम से एक और संगठन बनाया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस संगठन के जरिए हमजा जम्मू कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है।
