June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

हरिवंश नारायण सिंह निर्विरोध चुने गए राज्यसभा के उपसभापति, लगातार तीसरी बार निर्वाचन पर पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली। हरिवंश नारायण सिंह को एक बार फिर से राज्यसभा उपसभापति चुना गया है। इस बार वो निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। उपसभापति पद के लिए उनका यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। हरिवंश की राज्यसभा सदस्यता इसी महीने समाप्त हो गई थी जिसके बाद राष्ट्रपति ने उनको मनोनीत किया था। जेडीयू नेता हरिवंश अप्रैल 2014 में पहली बार राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 9 अगस्त 2018 को उन्हें पहली बार राज्यसभा के उपसभापति पद के लिए निर्वाचित किया गया था। इसके बाद 14 सितंबर 2020 को उन्हें फिर उपसभापति बनाया गया जोकि उनका दूसरा कार्यकाल था।

राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं अपनी और पूरे सदन की ओर से हरिवंश जी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं भी देता हूं। राज्यसभा उपसभापति के रूप में लगातार तीसरी बार निर्वाचित होना, यह अपने आप में इस सदन का आपके प्रति जो गहरा विश्वास है और बीते हुए कालखंड में आपके अनुभवों का जो सदन को लाभ मिला है, सबको साथ लेकर चलने का आपका जो प्रयास रहा है उस पर एक प्रकार से सदन ने आज मुहर लगा दी है। यह अनुभव और सहज कार्यशैली का सम्मान है और सहज कार्यशैली की स्वीकृति भी है।

मोदी बोले, हमने हरिवंश जी के नेतृत्व में सदन की शक्ति को और अधिक प्रभावित होते देखा है। हमने सदन के संचालन में हरिवंश की कुशलता स्पष्ट रूप से देखी है। इसके साथ ही, उन्होंने राज्य विधानसभाओं और विधान परिषदों और वहां के पीठासीन अधिकारियों की सहायता करने और उनके प्रशिक्षण के लिए किए जाने वाले कार्यों पर भी काफी समय दिया है। कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन में भी उन्होंने भारत की डेमोक्रेटिक व्यवस्था की छाप छोड़ने में उन्होंने बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। मोदी बोले, मैंने पहले भी कहा था कि सब कुछ ‘हरि’ कृपा पर है और ‘हरि’ यहां भी बैठेंगे, ‘हरि’ कृपा बनी रहे इसके लिए मेरी बहुत बहुत शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *