April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर पीएम मोदी ने मृतकों को दी श्रद्धांजलि, पाकिस्तान को सख्त लहजे में दिया ये संदेश

नई दिल्ली। आज पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी है। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान पाकिस्तानी दहशतगर्दों ने ली थी। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी पहलगाम में जान गंवाने वालों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। साथ ही पाकिस्तान को भी पीएम ने सख्त लहजे में संदेश दिया है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है- पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को हम याद कर रहे हैं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने लिखा है कि उनकी संवेदनाएं उन शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपार क्षति का सामना कर रहे हैं। एक राष्ट्र के रूप में, हम इस दुख और संकल्प की घड़ी में एकजुट हैं। पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर साफ संदेश दिया है कि आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे भारत कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल 2025 को पर्यटक घूमने गए थे। उस दौरान पाकिस्तानी आतंकी वहां पहुंचे। उन्होंने पर्यटकों को कलमा पढ़ने के लिए कहा और पैंट उतरवाकर धर्म के आधार पर जांच की। जिसके बाद पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 हिंदू पर्यटकों की हत्या कर दी। इस बड़े आतंकी हमले से देशभर में क्षोभ और गुस्सा भड़का। पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग उठी। मोदी सरकार ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। फिर योजना बनाकर ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया और पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकियों के 9 बड़े ठिकानों पर हमले कर 100 से ज्यादा दहशतगर्दों को मौत की नींद सुलाया गया। इसके बाद जब पाकिस्तान की सेना मैदान में उतरी, तो भारतीय सेना और वायुसेना ने दुश्मन के 11 एयरबेस, कई रडार और लड़ाकू विमान नष्ट कर दिए। महज 4 दिन में ही पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। उसकी गुहार पर ऑपरेशन सिंदूर स्थगित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *