नासिक टीसीएस केस में नया खुलासा, जब पीड़ितों ने की शिकायत तो मैनेजमेंट का था ये रवैया!
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण की कोशिश का आरोप लगने के बाद अब नया खुलासा हुआ है। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक जब नासिक टीसीएस की पीड़ित महिला कर्मचारियों ने उत्पीड़न की शिकायत की, तो मैनेजमेंट ने कार्रवाई की जगह उनको चुप रहने और खुद को संभालने की सलाह देने वाला रवैया अपनाया! खुलासे से साफ है कि टीसीएस मैनेजमेंट ने इतने गंभीर आरोपों की अनदेखी की।
रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िताओं ने जब नासिक टीसीएस के ऑपरेशन हेड और कई वरिष्ठ अफसरों से बार-बार उत्पीड़न और धर्मांतरण के लिए दबाव की शिकायत की, तो ऑपरेशन हेड ने कहा कि तुमको क्यों हाईलाइट होना है…जाने दो…। वहीं, एक पीड़िता ने जब जून 2023 में अपने क्वॉलिटी और ट्रेनिंग मैनेजर से शिकायत की, तो उसने कथित तौर पर कहा कि आरोपी का चरित्र खराब है। मैनेजर ने पीड़िता को सलाह दी कि वो सावधान रहे और अकेले न रहे। पीड़िता के मुताबिक आरोपी रजा मेमन ने अकेले पाकर नजदीगी बनाना चाहा। उसने इसे गुप्त रखने के लिए दबाव बनाया। लगातार पीछा किया और आपत्तिजनक तरीके से छूना शुरू किया।
टीसीएस मैनेजमेंट से शिकायत की जानकारी मिलने पर आरोपी ने पीड़िता का नाम उसके सहकर्मी से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश की। फिर निजी जिंदगी और शादी के बारे में अश्लील बातें भी कहीं। पीड़िता का ये भी कहना है कि आरोपी ने सहयोगियों के साथ ऑफिस के सिस्टम में छेड़छाड़ की। हर कॉल को 30 सेकेंड की जगह 1 सेकेंड में आना कर दिया। ताकि उस पर दबाव बने। वो जब मराठी नववर्ष पर साड़ी पहनकर आई, तो एक आरोपी ने पास बैठकर अश्लील टिप्पणी की और बाहर चलने का ऑफर भी दिया। नासिक टीसीएस मामले में गिरफ्तार लोगों पर ये आरोप भी है कि उन्होंने महिलाओं ही नहीं, पुरुष सहकर्मियों के साथ भी खराब व्यवहार किया और उनको इस्लाम में लाने की कोशिश की। इस मामले में अभी नासिक पुलिस की जांच जारी है।
